कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, सात नए मंत्रियों ने ली शपथ, देखिए लिस्ट

By सतीश कुमार सिंह | Published: January 13, 2021 04:49 PM2021-01-13T16:49:23+5:302021-01-13T21:14:29+5:30

Karnataka cabinet expansion: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल में सात नए मंत्रियों को शामिल किया।

Karnataka cabinet expansion Seven new ministers take oath chief minister BS Yediyurappa | कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, सात नए मंत्रियों ने ली शपथ, देखिए लिस्ट

मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा था कि उनके मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार 13 जनवरी को होने की संभावना है। (file photo)

Highlightsमंत्रिमंडल विस्तार की कवायद पर नड्डा और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत की थी। मंत्रिमंडल में सात नए चेहरे शामिल करने का संकेत दिया था। येदियुरप्पा लंबे समय से मंत्रिमंडल का विस्तार करना चाह रहे थे।

बेंगलुरुः कर्नाटक में मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। सात नए मंत्रियों ने शपथ ली है। राज्यपाल वजुभाई वाला ने राजभवन में एक समारोह में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नए मंत्रियों में विधायक उमेश कट्टी (हुक्केरी), एस अंगारा (सुलिया), मुरुगेश निरानी (बिलगी) और अरविंद लिंबावली (महादेवपुरा) और एमएलसी आर शंकर, एम टी बी नागराज और सी पी योगेश्वर हैं। कर्नाटक कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 27 मंत्री हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को शपथ लेने वाले सात नए मंत्रियों को शामिल करने के साथ अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, उनके कैबिनेट सहयोगी, कर्नाटक प्रभारी अरुण सिंह, राज्य इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कात्याल, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, परिवार के सदस्य और नए मंत्रियों के समर्थक शामिल रहे।

विधायक बसनागौड़ा पाटिल यत्नाल ने मुख्यमंत्री पर कई आरोप लगाए

जुलाई 2019 में येदियुरप्पा राज्य के सीएम बने थे। मंत्रिमंडल का यह तीसरा विस्तार है। येदियुरप्पा द्वारा सात मंत्रियों की सूची की घोषणा के तुरंत बाद राज्य भाजपा के भीतर आक्रोश फैल गया। येदियुरप्पा के आलोचक रहे विजयपुरा शहर के विधायक बसनागौड़ा पाटिल यत्नाल ने मुख्यमंत्री पर कई आरोप लगाए। आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम और उनके परिवार ने कर्नाटक में भाजपा का 'अपहरण' कर लिया है।

बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में निर्णय कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से रविवार को दिल्ली में उनके निवास पर मुलाकात के बाद लिया गया। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कर्नाटक के पार्टी प्रभारी अरुण सिंह भी बैठक में उपस्थित थे।

येदियुरप्पा लंबे समय से मंत्रिमंडल का विस्तार करना चाह रहे थे। भाजपा अध्यक्ष ने गत 18 नवम्बर को नई दिल्ली में उनसे मुलाकात के दौरान इस कवायद के लिए केन्द्रीय नेतृत्व की मंजूरी की प्रतीक्षा करने को कहा था।

Web Title: Karnataka cabinet expansion Seven new ministers take oath chief minister BS Yediyurappa

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे