भारत चीन से कैसे निपटे, राहुल गांधी सोशल मीडिया पर आज 10 बजे करेंगे चर्चा
By पल्लवी कुमारी | Updated: July 23, 2020 07:09 IST2020-07-23T07:09:32+5:302020-07-23T07:09:32+5:30
भारत और चीन की सेनाओं के बीच बीते आठ सप्ताह से पूर्वी लद्दाख में विभिन्न स्थानों पर गतिरोध बना हुआ है। हालांकि, अब सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। यह गतिरोध 15 जून को गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद और बढ़ गया था, जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। इस झड़प में चीनी सेना को भी नुकसान की खबरें हैं जिसने अब तक इसका ब्योरा नहीं दिया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (File photo)
नई दिल्ली: भारत-चीन को लेकर मई महीने से गतिरोध जारी है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज (23 जुलाई) को सोशल मीडिया पर चीन को लेकर चर्चा करेंगे। इस चर्चा का विषय होगा, भारत चीन से कैसे निपटे। कांग्रेस ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। चीन की विस्तारवादी नीति का भारत कैसे जवाब दे, चीन के साथ सीमा विवाद पर भारत कैसे डील करे, ऐसे कई सारे अहम सवालों पर राहुल गांधी चर्चा करेंगे।
राहुल गांधी के इस वीडियो संवाद को उनके ट्विटर अकाउंट, फेसबुक, यू-ट्यूब और इंस्टाग्राम पर सुबह 10 बजे देखा जा सकता है। कांग्रेस पार्टी ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसकी सूचना दी है।
भारत चीन से कैसे निपटे?
— Congress (@INCIndia) July 22, 2020
देखिए श्री @RahulGandhi की वीडियो सीरीज की तीसरी कड़ी।
कल सुबह 10 बजे pic.twitter.com/uhRE3pVMqM
कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा है, भारत चीन से कैसे निपटे? देखिए राहुल गांगी की वीडियो सीरीज की तीसरी कड़ी। सुबह 10 बजे। कांग्रेस ने इसे सत्य का सफर नाम दिया है।
राहुल गांधी पहले भी दो बार रख चुके हैं चीन पर अपनी राय
कांग्रेस नेता राहुल गांधी इससे पहले 17 और 20 जुलाई को चीन और भारत गतिरोध पर चर्चा कर चुके हैं। 17 जुलाई को राहुल गांधी ने कहा था कि चीन भारत की सीमा में अतिमक्रमण इसलिए कर पा रहा है क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों ने भारत को कमजोर कर दिया है। राहुल गांधी ने 17 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी को चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर जिम्मेदार ठहराया था।
वहीं 20 जुलाई को चीन पर किए चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि यह कोई आम सीमा विवाद नहीं है। उन्होंने कहा था कि उनकी सबसे बड़ी चिंता है कि चीन आज हमारे इलाके में घुसकर बैठे हैं। राहुल गांधी ने कहा था कि चीन बिना किसी रणनीतिक सोच के कोई कदम नहीं उठाता। चीन के दिमाग में दुनियाभर का नक्शा खिंचा हुआ है, वह उसी हिसाब से उसे आकार देना चाहता है।
राहुल गांधी ने सवाल उठाए थे- ऐसा क्या हुआ कि मोदी राज में चीन ने भारत की जमीन छीन ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लद्दाख गतिरोध को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा था कि ऐसा क्या हुआ कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते चीन ने भारत की जमीन ''छीन'' ली। राहुल गांधी ने कहा था, ''ऐसा क्या हुआ कि मोदी जी के रहते भारत माता की पवित्र जमीन को चीन ने छीन लिया?''
राहुल गांधी लद्दाख में गतिरोध को लेकर मोदी और उनकी सरकार पर लगातार निशाना साधते रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भारत की जमीन चीन के ''हवाले'' करने का भी आरोप लगाया है।