शिवराज के बाद अब सिंधिया का ऑडियो क्लिप वायरल! दावा- ' टिकट के लिए 50 लाख की हो रही है बात'
By पल्लवी कुमारी | Updated: June 11, 2020 14:38 IST2020-06-11T14:38:37+5:302020-06-11T14:38:37+5:30
एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और मौजूदा मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान का कथित ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था। जिसके आधार पर दावा किया जा रहा है कि सीएम शिवराज ने कहा है- ''कमलनाथ सरकार गिराने को लेकर BJP केंद्रीय नेतृत्व से आदेश मिला था।''

Jyotiraditya Madhavrao Scindia And Shivraj Singh Chouhan (File Photo)
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजनीति में ऑडियो क्लिप का नया ट्विस्ट आ गया है। एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बाद दावा किया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य माधराव सिंधिया का एक ऑडियो क्लिपववायरल हो रहा है। ट्विटर पर इस ऑडियों क्लिप को कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने शेयर किया है। इस ऑडियो क्लिप में टिकट के लिए 50 लाख रुपये के लेन-देन की बात को सुना जा सकता है। वायरल ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि यह विधानसभा चुनाव के वक्त का है। लोकमत न्यूज हिंदी इस वायरल ऑडियो क्लिप की पुष्टी नहीं करता है। ये खबर सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप के आधार पर बनाई गई है।
क्या है वायरल ऑडियो क्लिप की पूरी बातचीत
नवभारत टाइम्स (ऑडियो की पु्ष्टी नहीं की है) में छपी रिपोर्ट के मुताबिक वायरल ऑडियो में अनिता जैन नाम की महिला को टिकट देने की बात हो रही है। इस ऑडियो में महिला किसी अग्रवाल नाम के व्यक्ति को 50 लाख रुपये देने की बात कर रही है।
ऑडियो की शुरुआत में महिला, जो खुद को अनिता कह रही है, पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रणाम करती है। जिसका रिप्लाई देते हुए सिंधिया कहते हैं कि सॉरी अनिता इस बार मैं कुछ नहीं करवा पाया।
टिकट की दावेदार अनिता सिंधिया से रोते हुए अपनी बात कहती है। वह यह भी कहती है कि अशोकनगर सीट कांग्रेस के पक्ष में जा रही है, मैंने पूरी तैयारी कर ली है।
देखिए इस वायरल ऑडियो क्लिप पर कांग्रेस सोशल मीडिया टीम के एक शख्स ने क्या लिखा?
अविनाश कादबे (Avinash Kadbe) जिन्होंने अपने ट्विटर बॉयो में खुद को कांग्रेस मध्य प्रदेश के सोशल मीडिया टीम से जुड़ा हुआ बताया है। उन्होंने इस वायरल ऑडियो क्लिप पर टिप्पणी की है। उन्होंने लिखा है, ''तो क्या सिंधिया टिकट बेचते थे? 50 लाख का लेन-देन अशोक नगर विधानसभा टिकट 2018 में सिंधिया और महिला की बातचीत का ऑडियो वायरल! इसमें महिला बोल रही है महाराज मैंने (पाराशर सिंधिया के PA) को 50 लाख दिए, फिर भी टिकट नहीं मिला?''
सीएम शिवराज सिंह चौहान का भी ऑडियो वायरल होने का दावा
सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि ये भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और मौजूदा सीएम शिवराज सिंह चौहान का है। जिसमें शिवराज सिंह चौहान कार्यकर्ताओं से कह रह हैं कि कांग्रेस की सरकार को गिराने का आदेश बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व से मिला था
अंग्रेजी वेबसाइट NDTV ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि क्लिप में शिवराज सिंह चौहान को कहते सुना जा सकता है, ''केन्द्रीय नेतृत्व ने तय किया कि सरकार गिरनी चाहिए... नहीं तो ये बर्बाद कर देगी, तबाह कर देगी और आप बताओ ज्योतिरादित्य सिंधिया और तुलसी भाई के बिना सरकार गिर सकती थी? और कोई तरीका नहीं था। कांग्रेस कह रही है धोखा तुलसी सिलावट ने न दिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने न दिया, धोखा कांग्रेस ने दिया।''
कांग्रेस मध्य प्रदेश ने दी इसपर अपनी प्रतिक्रिया
कांग्रेस मध्य प्रदेश के अधिकारिक ट्विटर हैंडल से शिवराज सिंह चौहान के कथित ऑडियो क्लिप पर कई प्रतिक्रियाएं आ चुकी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, शिवराज कहते हैं- केन्द्रीय नेतृत्व ने सरकार गिराई, और केन्द्रीय नेतृत्व इसे मौन रहकर स्वीकार करता है। वाह मोदी जी, 70 साल से सुरक्षित प्रजातंत्र भी निगल गए..?
शिवराज कहते हैं-
— MP Congress (@INCMP) June 11, 2020
- केन्द्रीय नेतृत्व ने सरकार गिराई,
और केन्द्रीय नेतृत्व इसे-
- मौन रहकर स्वीकार करता है।
वाह मोदी जी,
70 साल से सुरक्षित प्रजातंत्र भी निगल गये..? pic.twitter.com/VPNpsuNigq
एक अन्य ट्वीट में कहा गया है, मुख्यमंत्री शिवराज का एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें वो कार्यकर्ताओं से कह रहे हैं कि केन्द्रीय नेतृत्व के कहने पर कमलनाथ सरकार गिराई है। मोदी जी, लोकतंत्र की हत्या के इन आरोपों पर आप मौन क्यों हैं..? —जनता माफ नहीं करेगी।
केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर कमलनाथ सरकार गिराई : शिवराज
— MP Congress (@INCMP) June 11, 2020
मुख्यमंत्री शिवराज का एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें वो कार्यकर्ताओं से कह रहे हैं कि केन्द्रीय नेतृत्व के कहने पर कमलनाथ सरकार गिराई है।
मोदी जी,
लोकतंत्र की हत्या के इन आरोपों पर आप मौन क्यों हैं..?
—जनता माफ नहीं करेगी। pic.twitter.com/gAULxW7SwF
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, शिवराज जी मध्य प्रदेश सरकार गिराने के षडयंत्र में मोदी व अमित शाह के शामिल होने का भंडाफोड़ करने के लिए धन्यवाद। अब यह साफ हो गया है कि जब मोदी जी को कोरोना से निपटने के लिए समय देना था, वे मध्य प्रदेश की जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराने में व्यस्त थे।
शिवराज जी मध्यप्रदेश सरकार गिराने के षडयंत्र में मोदी व अमित शाह के शामिल होने का भंडाफोड़ करने के लिये धन्यवाद।अब यह साफ़ हो गया है कि जब मोदी जी को कोरोना से निपटने के लिये समय देना था, वे मध्यप्रदेश की जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराने में व्यस्त थे।
— digvijaya singh (@digvijaya_28) June 11, 2020
मध्य प्रदेश में 15 महीने चली थी कमलनाथ की सरकार
ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से इस्तीफे के बाद राज्य के 22 विधायकों ने भी कांग्रेस छोड़ दिया था और कमलनाथ को सीएम पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद बीजेपी ने प्रदेश में सरकार बनाई और शिवराज सिंह चौहान चौथी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
मध्य प्रदेश विधानसभा में फिलहाल 206 सदस्य हैं, जिनमें से 107 भारतीय जनता पार्टी (BJP) और 92 कांग्रेस के हैं। बाकी अन्य हैं। राज्य में वर्तमान में बहुमत का आंकड़ा 104 है।

