Ukraine-Russia Crisis: 219 भारतीयों की वतन वापसी, रोमानिया के बुखारेस्ट से मुंबई पहुंचे, देखें तस्वीरें

By सतीश कुमार सिंह | Published: February 26, 2022 09:14 PM2022-02-26T21:14:21+5:302022-02-26T21:18:41+5:30

Next

यूक्रेन से निकाले गए 219 भारतीयों को लेकर एअर इंडिया का पहला विमान शनिवार शाम रोमानिया के बुखारेस्ट से मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा। वायु यातायात नियंत्रक (एटीसी) के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

बोइंग 787 विमान के साथ संचालित, एअर इंडिया की निजी उड़ान शाम सात बजकर 50 मिनट पर मुंबई हवाई अड्डे पर उतरी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल युद्ध प्रभावित यूक्रेन से लौटे भारतीय नागरिकों की अगवानी करने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे।

निकासी उड़ान मुंबई से बुखारेस्ट के लिए तड़के 3.38 बजे रवाना हुई थी और भारतीय मानक समय के अनुसार सुबह करीब 10.45 बजे वहां उतरी थी।

सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया सीमा और यूक्रेन-हंगरी सीमा पर पहुंचने वाले भारतीय नागरिकों को भारत सरकार के अधिकारियों द्वारा क्रमशः बुखारेस्ट और बुडापेस्ट ले जाया गया ताकि उन्हें निकाला जा सके।

पहली निकासी उड़ान एआई1944 बुखारेस्ट से दोपहर 1.55 बजे (भारतीय मानक समय) 219 भारतीयों के साथ रवाना हुई।

एयर इंडिया फ्लाइट अटेंडेंट ने कहा कि हम अपने छात्रों को घर वापस लाकर बहुत खुश हैं। जब हम यहां मुंबई पहुंचे तो छात्र खुशी से झूम उठे। हमें यह अवसर देने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस संकट की शुरुआत के बाद से, हमारा मुख्य उद्देश्य यूक्रेन में फंसे प्रत्येक भारतीय को वापस लाना था। यहां 219 छात्र पहुंचे हैं। यह पहला जत्था था, दूसरा जल्द ही दिल्ली पहुंचेगा। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक वे सभी घर वापस नहीं आ जाते। (photo-ani)