Covid-19 JN.1: दिल्ली में मिला जेएन.1 का पहला केस, भारत में अब तक कोविड-19 के 529 मामले

By संदीप दाहिमा | Published: December 27, 2023 09:03 PM2023-12-27T21:03:49+5:302023-12-27T21:17:45+5:30

Next

दिल्ली में कोविड-19 के उपस्वरूप जेएन.1 का पहला मामला सामने आया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को कोविड-19 के नौ नए मामले आने के साथ दिल्ली में 35 से अधिक उपचाराधीन मरीज हैं।

उन्होंने बताया कि पहले से कई बीमारियों से ग्रसित 28-वर्षीय एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जिसका प्राथमिक कारण कोविड नहीं था। अधिकारी ने बताया, ‘‘वह व्यक्ति दिल्ली का नहीं था और उसे हाल में एक निजी अस्पताल में भेजा गया था। उसे कई अन्य बीमारियां थीं और जांच में कोविड का पता चला था। व्यक्ति का नमूना जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।’’

अधिकारी ने बताया कि कई नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए थे और उनमें से एक में जेएन.1 उपस्वरूप के संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारत में कोविड-19 के 529 नए मामले सामने आए तथा उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,093 दर्ज की गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में कोविड-19 से कर्नाटक में दो और गुजरात में एक मरीज की मौत हुई है।

ठंड और कोरोना वायरस के नए उपस्वरूप के कारण हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। इससे पहले पांच दिसंबर तक दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक तक पहुंच गई थी।