Covid-19: देश में फिर बढ़ने लगा कोरोना, पिछले छह महीने में सबसे ज्यादा केस, 24 घंटे में 3,824 नए मामले

By हर्ष वर्धन मिश्रा | Published: April 2, 2023 02:52 PM2023-04-02T14:52:38+5:302023-04-02T15:04:44+5:30

Next

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। भारत में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 3,824 नए मामले सामने आए, जो बीते छह महीने में एक दिन में दर्ज सर्वाधिक नए मामले हैं।

वहीं, देश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 18,389 पर पहुंच गई, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोविड-19 के 3,824 नए मरीज मिलने के बाद देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,22,605 हो गई।

बीते 24 घंटे के दौरान संक्रमण से पांच और मरीजों के दम तोड़ने से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 5,30,881 पर पहुंच गई। दिल्ली, हरियाणा, केरल और राजस्थान में एक-एक संक्रमित की मौत हुई। इसके अलावा, केरल ने कोविड-19 से जान गंवाने वाले मरीजों के आंकड़ों का पुनर्मिलान करने के बाद मृतकों की सूची में एक और मामला जोड़ा है।

कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.77 प्रतिशत दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण की दैनिक दर 2.87 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.24 फीसदी दर्ज की गई है।

कोविड-19 से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,41,73,335 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।