पुणेः पति और पत्नी में बहस, आठ वर्षीय बेटी को गोली मारी

By संदीप दाहिमा | Published: September 24, 2022 05:08 PM2022-09-24T17:08:21+5:302022-09-24T17:11:38+5:30

Next

महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक व्यक्ति ने पत्नी से बहस के बाद आठ वर्षीय बेटी को कथित तौर पर गोली मार कर घायल कर दिया है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सिंहगड रोड थाने में आरोपी पांडुरंग उभे (38) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जो कि एक ‘कंस्ट्रक्शन’ कारोबारी है।

उन्होंने बताया, यह घटना शुक्रवार की है। शराब के नशे में धुत उभे रात करीब आठ बजे घर लौटा और पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उसकी किसी बात पर बहस हुई।

अधिकारी ने बताया कि तभी गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल कर पत्नी पर तान दी। इस बीच, उसकी बेटी राजनंदिनी चिल्लाने लगी, जिसके बाद आरोपी ने बेटी पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि बच्ची को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि मामले के संबंध में आगे की जांच जारी है।