तिरुवनंतपुरम: महिला को जबरन शराब पिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने पति समेत पांच को किया गिरफ्तार

By भाषा | Published: June 5, 2020 04:13 PM2020-06-05T16:13:16+5:302020-06-05T16:13:16+5:30

Next

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में पति ने 25 वर्षीय महिला को कथित रूप से जबरन शराब पिलाई, जिसके बाद उसके चार दोस्तों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। उस दौरान महिला का पांच साल का बच्चा भी वहां मौजूद था।

पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार की है, सभी आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। संदेह है कि आरोपी ने बच्चे की भी पिटाई की है। केरल राज्य महिला आयोग ने इस सामूहिक बलात्कार को लेकर अपने यहां भी मामला दर्ज किया है।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसे और दोनों बच्चों को लेकर गुरुवार को पुथुकुरिची के पास बीच पर गया। बाद में वह सभी को लेकर पास स्थित अपने मित्र के घर गया जहां महिला को जबरन शराब पिलाई गयी और उसके बड़े बेटे के सामने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'महिला को एक राहगीर ने सड़क किनारे शराब के नशे में देखा और अपनी कार से उसे उसके घर पहुंचाया। फिर उसने पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी।' राहगीर ने बाद में कुछ समाचार चैनलों को बताया कि महिला रो रही थी और उसके चेहरे पर चोट के निशान थे, वह मदद मांग रही थी।

कादीनमकुलम थाने के एक पुलिस अधिकारी ने यहां बताया कि तथ्यों की जांच करने के बाद गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है।

महिला को उपचार के बाद जिला अस्पलात से छुट्टी दे दी गई है। उसने एक टीवी चैनल को बताया कि आरोपियों ने उसके शरीर को सिगरेट से जलाया है।