नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास, 19 साल बाद भारत की झोली में पदक

By विनीत कुमार | Published: July 24, 2022 08:24 AM2022-07-24T08:24:13+5:302022-07-24T09:48:16+5:30

भारत के नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता है। जैवलिन थ्रो के फाइनल में वे दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, भारत के ही रोहित यादव पहली तीन कोशिश के बाद मेडल की रेस से बाहर हो गए।

World Athletics Championship 2022 Neeraj Chopra Javelin throw final match performance and medal update | नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास, 19 साल बाद भारत की झोली में पदक

विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप नीरज चोपड़ा ने जीता रजत पदक (फोटो- ट्विटर, @afiindia)

Highlightsवर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर मेडल, फेंका 88.13 मीटर थ्रो।भारत के ही रोहित यादव पहली तीन कोशिश के बाद मेडल की रेस से बाहर हो गए,  ग्रेनेडा के पीटर्स एंडरसन पहले स्थान पर।विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी बने नीरज चोपड़ा।

यूजीन: ओलंपिक चैम्पियन भारत के नीरज चोपड़ा ने अमेरिका के यूजीन में चल रहे वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में इतिहास रच दिया है। उन्होंने रविवार को (भारतीय समय के अनुसार) जैवलिन थ्रो के फाइनल में सिल्वर मेडल जीत लिया। फाइनल में 88.13 मीटर थ्रो के साथ वह दूसरे स्थान पर रहे। नीरज चोपड़ा ने पहली बार विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में कोई पदक जीता है। खास बात ये भी है कि टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने के बाद नीरज चोपड़ा के करियर की यह सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि है।

साथ ही वह विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी और देश के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए। लंबी कूद की खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज 2003 में पेरिस में कांस्य पदक के साथ विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं थी।

रोहित यादव 10वें स्थान पर रहे

दूसरी ओर भारत के ही रोहित यादव पहली तीन कोशिश के बाद मेडल की रेस से बाहर हो गए। वे अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 78.72 मीटर की थ्रो के साथ 10 स्थान पर रहे। ग्रेनेडा के पीटर्स एंडरसन 90.54 मीटर की थ्रो के साथ पहले स्थान पर रहे और गोल्ड मेडल जीता। चेक रिपब्लिक के वा़डलेक जैकब 88.09 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। पाकिस्तान के अरशद नदीम 86.16 मीटर की थ्रो के साथ पांचवीं पायदान पर रहे।

बहरहाल, फाइनल में नीरज चोपड़ा की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और पहली कोशिश में वे फाउल कर गए। इसके बाद दूसरी कोशिश में 82.39 मीटर और फिर तीसरी कोशिश में 86.37 मीटर दूर फाला फेंक नीरज चोपड़ा ने मेडल की दौड़ में दमदार वापसी की और चौथे स्थान पर पहुंच गए।

नीरज चोपड़ा: चौथी कोशिश में पहुंच गए दूसरे स्थान पर

चौथा अटेम्प्ट नीरज के लिए और शानदार रहा और 88.13 मीटर दूर भाला फेंक दूसरे स्थान पर पहुंच गए। हालांकि पांचवी और फिर छठी कोशिश में वे फाउल कर गए।

बता दें कि भाला फेंक प्रतिस्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने पहले ही प्रयास में 88.39 मीटर का थ्रो फेंककर पहली बार वर्ल्ड चैम्पियनशिप फाइनल के लिये क्वालीफाई किया था। भारत के ही रोहित यादव भी फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहे थे। चोपड़ा ने फाइनल में जगह बनाने के लिए 88.39 मीटर का थ्रो फेंका था और यह उनके करियर का तीसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो साबित हुआ था। 

चोपड़ा का सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 89.94 मीटर है। उन्होंने लंदन विश्व चैम्पियनशिप 2017 में खेला था लेकिन फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर पाये थे। दोहा में 2019 विश्व चैम्पियनशिप में वह कोहनी के आपरेशन के कारण नहीं खेल सके थे।

Web Title: World Athletics Championship 2022 Neeraj Chopra Javelin throw final match performance and medal update

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे