भारत के रोहन मोरे ने रचा इतिहास, 'ओशन सेवन' चैलेंज पूरा करने वाले बने दुनिया के सबसे युवा तैराक
By अभिषेक पाण्डेय | Published: February 11, 2018 04:39 PM2018-02-11T16:39:44+5:302018-02-11T18:34:41+5:30
पुणे के रोहन मोरे दुनिया के सात समंदरों को तैरकर पार करने वाले दुनिया के सबसे युवा तैराक बन गए हैं
भारतीय तैराक रोहन मोरे ने सबसे कम उम्र में 'ओशन सेवन' चैलेंज पूरा करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। रोहन 'ओशन सेवन' चैलेंज पूरा करने वाले दुनिया के सबसे युवा और पहले एशियाई तैराक बन गए हैं। अब तक दुनिया में कुल आठ लोग ही ये चैलेंज पूरा कर पाए हैं। रोहन ने सातवें ओशन सेवन चैलेंज के तहत न्यूजीलैंड के कुक स्ट्रेट को तैरकर पार करते हुए नया इतिहास बनाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहन ने कुक स्ट्रेट की करीब 22 किलोमीटर की दूरी 8.37 घंटे में तैर कर पूरी की।
ओशन सेवन मैराथन में सात लंबी दूरी वाले समुद्रों कौ तैरकर पार करना पड़ता है। इनमें नॉर्थ चैनल, द कुक स्ट्रेट, द मोलोकई चैनल, द इंग्लिश चैनल, द कैटालिना चैनल, द सुगारू स्ट्रेट और स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर शामिल हैं। ओशन सेवन मैराथन में सात समुद्रों में तैरना सात महाद्वीपों के सबसे ऊंचे पर्वतों पर चढ़ने के बराबर माना जाता है। इस तरह सात समुद्रों को तैरकर पार करने वाले रोहन मोरे दुनिया के नौवें शख्स बन गए हैं।
रोहन लंबे समय से कुक स्ट्रेट में तैरने का इंतजार कर रहे थे लेकिन खराब मौसम की वजह से उन्हें इसका मौका 9 फरवरी को मिल पाया। रोहन ने नॉर्थ आइलैंड से सुबह 9.30 बजे से तैरना शुरू किया। पहले पांच घंटे के दौरान पानी शांत था और तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन जैसे ही वह साउथ आइलैंड की तरफ बढ़ें अंटार्कटिका पानी की धाराओं की वजह से तापमान 4 डिग्री कम हो गया। लेकिन रोहन ने अंटार्कटिका की ठंडी धाराओं का बहादुरी से सामना करते हुए अपनी तैराकी 8 घंटे 37 मिनट में पूरी कर ली।
पुणे के 32 वर्षीय तैराक रोहन ने कहा, 'ये मेरे जीवन का सबसे यादगार क्षण हैं, क्योंकि मैंने न्यूजीलैंड का कुक स्ट्रेट तैरकर पार कर लिया है, जो ओशन सेवन का सातवां और आखिरी समुद्र था।'