भारत के 16 साल के प्रज्ञानंद ने शतरंज में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन को हराया, 39 चाल में दी मात

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 21, 2022 12:13 PM2022-02-21T12:13:27+5:302022-02-21T18:24:51+5:30

Airthings Masters Chess: आर प्रज्ञानंद ने ऑनलाइन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट एयरथिंग्स मास्टर्स में विश्व नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन को हराया।

India's R Praggnanandhaa defeats world No.1 Magnus Carlsen in Airthings Masters Chess | भारत के 16 साल के प्रज्ञानंद ने शतरंज में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन को हराया, 39 चाल में दी मात

शतरंज: प्रज्ञानंद ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन को दी मात (फोटो- ट्विटर)

Highlightsऑनलाइन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट एयरथिंग्स मास्टर्स में आर प्रज्ञानंद ने मैगनस कार्लसन को हराया।आर प्रज्ञानंद ने काले मोहरों से खेलते हुए टूर्नामेंट के आठवें दौर में कार्लसन को 39 चाल में हराया।आर प्रज्ञानंद इस जीत के साथ आठवें दौर के बाद संयुक्त 12वें स्थान पर हैं।

चेन्नई: भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद ने ऑनलाइन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट एयरथिंग्स मास्टर्स के आठवें दौर में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन को हराकर बड़ा उलटफेर किया। 16 वर्षीय प्रज्ञानंद ने सोमवार की सुबह खेली गई बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए कार्लसन को 39 चाल में हराया।

उन्होंने इस तरह से कार्लसन के विजय अभियान पर भी रोक लगायी जिन्होंने इससे पहले लगातार तीन बाजियां जीती थी। भारतीय ग्रैंडमास्टर के इस जीत से आठ अंक हो गये हैं और वह आठवें दौर के बाद संयुक्त 12वें स्थान पर हैं। पिछले दौर की बाजियों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले प्रज्ञानंद की कार्लसन पर जीत अप्रत्याशित रही। उन्होंने इससे पहले केवल लेव आरोनियन के खिलाफ जीत दर्ज की थी।

इसके अलावा प्रज्ञानंद ने दो बाजियां ड्रा खेली जबकि चार बाजियों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने अनीश गिरी और क्वांग लीम के खिलाफ बाजियां ड्रा करायी थी जबकि एरिक हैनसेन, डिंग लिरेन, जान क्रिज़स्टोफ डूडा और शखरियार मामेदयारोव से उन्हें हार झेलनी पड़ी थी।

कुछ महीने पहले नार्वे के कार्लसन से विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला हारने वाले रूस के इयान नेपोमनियाचची 19 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद डिंग लिरेन और हैनसेन (दोनों 15 अंक) का नंबर आता है। एयरथिंग्स मास्टर्स में 16 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें खिलाड़ी को जीत पर तीन अंक और ड्रा पर एक अंक मिलता है। प्रारंभिक चरण में अभी सात दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं।

(पीटीआई इनपुट)

Web Title: India's R Praggnanandhaa defeats world No.1 Magnus Carlsen in Airthings Masters Chess

अन्य खेल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे