घाना की क्रिकेट टीम की तरफ से अफ्रीका क्रिकेट कप में खेलेगा भारतीय देवेंद्र मलिक
By भाषा | Published: August 25, 2021 10:31 PM2021-08-25T22:31:09+5:302021-08-25T22:31:09+5:30
घाना की क्रिकेट टीम में एक भारतीय देवेंद्र मलिक अगले महीने होने वाले अफ्रीका क्रिकेट कप में हिस्सा लेगा। देवेंद्र सोनीपत के तेवड़ी गांव के निवासी हैं। उनके पिता जयराम मलिक पेशे से किसान हैं। उनके दादा रामकिशन मलिक ने बताया, ‘‘पेशे से इंजीनियर देवेंद्र मलिक सात साल से घाना में अंतरराष्ट्रीय कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का जुनून था। ’’उन्होंने कहा, ‘‘वह बचपन से ही गांव के स्कूल और कॉलेज की क्रिकेट टीम की ओर से खेलता रहा। इसके बाद उसे एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी मिली। कंपनी की ओर से उसे घाना जाने का मौका मिला। वह पिछले आठ साल से घाना में ही नौकरी कर रहा है, पिछले वर्ष ही उसका चयन घाना किक्रेट टीम में हुआ था। ’’देवेंद्र ने हाल में घाना व रवांडा देश के बीच हुए टी-20 कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके चलते अब उसका चयन अफ्रीका क्रिकेट कप के लिए हुआ है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि अफ्रीका क्रिकेट कप में भी देवेंद्र बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करेगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।