FIFA World Cup 2022: एक और रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे रोनाल्डो, पांचवीं बार खेलेंगे विश्व कप, ये हैं दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: March 30, 2022 08:49 PM2022-03-30T20:49:01+5:302022-03-30T20:50:21+5:30
FIFA World Cup 2022: कतर में 21 नवंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में मेजबान सहित 32 टीम भाग लेंगी जिनमें से अभी तक 27 टीम ने क्वालीफाई कर लिया है।
FIFA World Cup 2022: क्रिस्टियानो रोनाल्डो विश्व कप जीतने का एक और मौका मिलेगा। उनकी टीम पुर्तगाल ने मंगलवार को यूरोपीय प्लेऑफ में उत्तरी मेसेडोनिया को 2-0 से हराकर कतर में इस साल के आखिर में होने वाले फुटबॉल महासमर के लिये क्वालीफाई किया।
कतर में 21 नवंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में मेजबान सहित 32 टीम भाग लेंगी जिनमें से अभी तक 27 टीम ने क्वालीफाई कर लिया है। पुर्तगाल ने दोहा के कतर में इस साल होने वाले फुटबॉल विश्व कप के लिये क्वालीफाई कर लिया है यानी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पांचवीं बार टूर्नामेंट खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले रोनाल्डो आज तक विश्व कप नहीं जीत सके हैं और संभवत: अपने आखिरी विश्व कप में वह यह उपलब्धि हासिल करना चाहेंगे। अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, मैक्सिको के गोलकीपर गुइलेरमो ओकोआ और मिडफील्डर आंद्रेस गार्डाडो भी चार विश्व कप खेल चुके हैं।
अब तक चार खिलाड़ी पांच बार विश्व कप खेल चुके हैंः
1ः इटली के गोलकीपर जियांलुइगी बुफोन (1998 से 2014)
2ः मैक्सिको के डिफेंडर रफेल मार्केज (2002 से 2018)
3ः जर्मनी के मिडफील्डर लोथार मथेउस (1982 से 1998)
4ः मैक्सिको के गोलकीपर अंतोनियो कारबाजल (1950 से 1966)।
विश्व कप के ड्रा शुक्रवार को डाले जाएंगेः
पुर्तगाल की जीत से ड्रा के लिये पहली आठ टीम कतर, अर्जेंटीना, बेल्जियम, ब्राजील, इंग्लैंड, फ्रांस, पुर्तगाल और स्पेन तय हो गयी हैं। क्रोएशिया, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड और उरुग्वे वरीयता की दूसरी श्रेणी में शामिल हैं। इनके साथ मैक्सिको या अमेरिका में से किसी एक टीम को शामिल किया जाएगा।
पुर्तगाल ने कुल आठवीं और लगातार छठी बार विश्व कप में जगह बनायी। रोनाल्डो ने पुर्तगाली भाषा में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘लक्ष्य हासिल किया, हम कतर विश्व कप में खेलेंगे, हम अपनी सही जगह पर हैं! अपार समर्थन के लिये सभी पुर्तगालियों का आभार! दमदार पुर्तगाल।’’
जिन यूरोपीय टीमों ने विश्व कप के लिये क्वालीफाई किया है उनमें बेल्जियम, क्रोएशिया, डेनमार्क, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, सर्बिया, स्पेन, स्विट्जरलैंड, पोलैंड और पुर्तगाल शामिल हैं। दक्षिण अमेरिका से अब तक ब्राजील, अर्जेंटीना, इक्वेडर और उरुग्वे ने क्वालीफाई किया है।
अफ्रीका से सेनेगल, घाना, कैमरून, ट्यूनीशिया और मोरक्को ने जबकि एशिया से ईरान, दक्षिण कोरिया, जापान और सऊदी अरब ने अब तक विश्व कप में जगह बनायी है। उत्तरी और मध्य अमेरिका एवं कैरेबियाई क्षेत्र से अब तक कनाडा ने क्वालीफाई किया है।