बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट की हरियाणा के चरखी दादरी में हुई शादी, लिए आठ फेरे, जानिए क्यों
By विनीत कुमार | Published: November 26, 2020 11:32 AM2020-11-26T11:32:42+5:302020-11-26T11:49:35+5:30
बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट की शादी पिछले ही साल तय हो गई थी। कोरोना महामारी और गाइडलाइंस के कारण हालांकि इस शादी समारोह को बेहद सादगीपूर्ण तरीके से किया गया।
द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित और गीता और बबीता फोगाट की छोटी बहन संगीता फोगाट शादी के बंधन में बंध गई हैं। वे बुधवार रात पद्मश्री अवॉर्ड हासिल कर चुके पहलवान बजरंग पूनिया से परिणय सूत्र में बंध गईं। कोरोना संकट के बीच हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव बलाली में शादी का एक सादगीपूर्ण समारोह आयोजित किया गया था।
कोरोना गाइडलाइंस के कारण मेहमानों की संख्या सीमित रखी गई थी। ये शादी हरियाणवी विधि-विधान व पारम्परिक परम्परा के अनुसार किया गया। संगीता फोगाट के पिता के घर में जयमाला और शादी की रस्म पूरी की गईं।
बजरंग पूनिया और संगीता फोगाट ने लिए 8 फेरे
दोनों ने इस शादी में परंपरा से इतर 8 फेरे लिए और एक-दूसरे जीवनसाथी बनाया। आठवां फेरा इन्होंने बेटी बचाओ के नाम पर लिया। इससे पहले संगीता की बड़ी बहन गीता और बबीता भी अपनी शादी में 8-8 फेरे ले चुकी हैं। संगीता ने भी इसी परंपरा को कायम रखा।
शादी में बजरंग पूनिया 21 बारातियों के साथ संगीता फोगाट के घर बारात लेकर पहुंचे थे। महावीर पहलवान के घर में वरमाला के लिए तैयार किए गए पंडाल में संगीता और बजरंग ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद शादी की बाकी रस्में पूरी की गई।
बता दें कि शादी की कई रस्में दोनों के घर दो दिन पहले ही शुरू हो गए थे और इससे जुड़ी तस्वीरें भी सामने आई थी। शादी के बाद 27 नवंबर को रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया है। इसमें कुछ बाहरी लोगों को बुलाया गया है।
पहलवान बजरंग पूनिया और संगीता की शादी पिछले साल ही तय हुई थी और दोनों के परिवार वालों ने ओलंपिक के बाद शादी करने का फैसला लिया था। हालांकि, कोरोना के कारण टोक्यो में इस साल होने वाला ओलंपिक टल गया है।