एआईएफएफ ने एफसी गोवा के कप्तान बेदिया को खराब बर्ताव के लिए कारण बताओ नोटिस दिया
By भाषा | Updated: February 16, 2021 18:48 IST2021-02-16T18:48:08+5:302021-02-16T18:48:08+5:30

एआईएफएफ ने एफसी गोवा के कप्तान बेदिया को खराब बर्ताव के लिए कारण बताओ नोटिस दिया
मड़गांव, 16 फरवरी एफसी गोवा के कप्तान एडू बेदिया को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की अनुशासन समिति ने पिछले सप्ताह चेन्नईयिन एफसी के खिलाफ इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) मैच के दौरान विरोधी खिलाड़ी के खिलाफ कथित रूप से हिंसक रवैया अपनाने पर मंगलवार को कारण बताओ नोटिस दिया।
यह घटना बम्बोलिम में 13 फरवरी को खेले के मैच के इंजुरी समय में घटी। यह मुकाबला 3-3 से ड्रा रहा था। इसके वीडियो फुटेज में बेदिया को कथित रूप से चेन्नइयिन एफसी के दीपक टांगरी को दांत से काटते हुए दिख रहे है।
आईएसएल से जारी बयान के मुताबिक, ‘‘ बेदिया के खिलाफ चेन्नइयिन एफसी के दीपक टांगरी के साथ कथित रूप से खराब बर्ताव करने की शिकायत मिली है। समिति ने उन्हें 17 फरवरी तक इस मामले पर जवाब देने के लिए कहा है।’’
उन्होंने बताया, ‘‘ इस घटना के बाद उन्हें पीला कार्ड दिखाया गया था और यह उनके खिलाफ ऐसा चौथा मामला है। वह बुधवार को खेले जाने वाले टीम के अगले मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।