'पद्मावत' म्यूजिक एल्बम रिव्यूः लोक संगीत और बॉलीवुड का सुकून भरा 'घूमर' लेकर आए हैं भंसाली

By आदित्य द्विवेदी | Published: January 22, 2018 06:02 PM2018-01-22T18:02:35+5:302018-01-22T19:31:58+5:30

'पद्मावत' का म्यूजिक एल्बम रिलीज हो चुका है। इस एल्बम में कुल 6 गानें हैं जिसका कंपोजीशन संजय लीला भंसाली ने किया है। 21 मिनट 42 सेकेंड के इस एल्बम में सभी गाने एक-दूसरे से अलग कलेवर समेटे हुए हैं।

Padmaavat Music album review | 'पद्मावत' म्यूजिक एल्बम रिव्यूः लोक संगीत और बॉलीवुड का सुकून भरा 'घूमर' लेकर आए हैं भंसाली

'पद्मावत' म्यूजिक एल्बम रिव्यूः लोक संगीत और बॉलीवुड का सुकून भरा 'घूमर' लेकर आए हैं भंसाली

खामोशी, हम दिल दे चुके सनम, देवदास और सांवरिया; ये फिल्में जितना अपनी कहानी के लिए जानी जाती हैं उतना ही संगीत की खूबसूरती के लिए भी। अलग-अलग कंपोजर ने इन फिल्मों का संगीत दिया लेकिन इन सबमें एक बात कॉमन थी- संजय लीला भंसाली। 2010 में दिए एक इंटरव्यू में भंसाली ने कहा था कि दूसरे कंपोजर को समझाने में उनके विचार मार दिए जाते हैं इसलिए उन्होंने खुद ही अपनी फिल्मों का संगीत देना शुरू किया है। बतौर संगीतकार संजय लीला भंसाली की पहली फिल्म साल 2010 में आई 'गुजारिश' थी। इसके बाद उन्होंने गोलियों की रासलीला- 'रामलीला' और बाजीराव मस्तानी का सुपरहिट संगीत दिया। साल की सबसे चर्चित फिल्म 'पद्मावत' का संगीत भी संजय लीला भंसाली ने दिया है जिसका म्यूजिक एल्बम रिलीज हो चुका है।

इस एल्बम में कुल 6 गानें हैं- घूमर, एक दिल एक जान, खली-बली, नैंनोवाले ने, होली और बिंते दिल। 21 मिनट 42 सेकेंड के इस एल्बम में सभी गाने एक-दूसरे से अलग कलेवर समेटे हुए हैं...

1. घूमर: फोक और बॉलीवुड कॉम्बो

साल का सबसे चर्चित गाना, जिसकी कंपोजिंग के साथ फिल्मांकन पर भी खूब विवाद हुआ। इस गाने को श्रेया घोषाल और स्वरूप खान ने गाया है। इस गाने के लेखक हैं ए एम तुराज और राजस्थानी बोल स्वरूप खान के हैं। इस कंपोजिशन में राजस्थानी लोक संगीत की सुगंध है। इसे 'पद्मावत' का सबसे बेहतरीन गाना कहा जा सकता है। शायद इसीलिए फिल्म का सबसे पहला गाना यही रिलीज किया गया।

2. एक दिल एक जान: फिल्म की जान

'पद्मावत' म्यूजिक एल्बम का 'एक दिल एक जान' सबसे सुकून भरा गाना है। इसे शिवम पाठक ने गाया है। इस गाने को दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर के बीच फिल्माया गया है। गाने के बीच में कव्वाली के लहजे में कुछ लाइनें हैं जो गाने की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं। गाने एक एक अंतरे का लिरिक्स पढ़िए बाकी कुछ बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी...'मेरे इश्क के हर मकाम में, हर सुबह में हर शाम में, एक रुतबा है एक शान है, दोनों तुझपे कुरबान है।'

3. खली-बली: कानों में मचाता है खलबली

खली-बली एल्बम का लाउड गाना है। इस गाने में शिवम पाठक और शैल हाडा की आवाज है। गाना थोड़ा इरिटेटिंग है लेकिन दृश्यांकन के लिए लिहाज से खिलजी का किरदार निभा रहे रणवीर सिंह पर फिट बैठेगा। गाने में आप बाजीराव-मस्तानी के बजने दे ढोल ताशे गाने की झलक मिलती है। इस गाने के कोरस में इस्तेमाल शब्द समझ नहीं आते। गाने के शुरुआती लिरिक्स हैं... जबसे पहना है मैंने इश्क-ए-शहरा, खली बली हो गया है दिल।

4. नैनोंवाले नेः प्लेलिस्ट में रखने वाला गाना

'नैंनो वाले ने छेड़ा मन का प्याला, छलकाई मधुशाला, मेरा चैन-वैन-रैन अपने साथ ले गया', नीति मोहन ने अपनी आवाज से इस लिरिक्स को नई ऊंचाई दी है। ये गाना भी दोनों शाही जोड़े (शाहिद और दीपिका) पर फिल्माया गया है। लिरिक्स सिद्धार्थ-गरिमा ने लिखा है। जिन लोगों को लव सॉन्ग्स पसंद हैं उन्हें इस गाने को अपनी प्लेलिस्ट में शामिल कर लेना चाहिए।

5. होली (मंगानियार और लंगा का लोकगीत)

ये एक राजस्थानी लोकगीत है। इसके साथ बहुत छेड़छाड़ नहीं की गई है और ना ही बॉलीवुड का पुट डालने का प्रयास हुआ है। इस गाने को रिचा शर्मा और शैल हदा ने गाया है। गाने के लिरिक्स हैं...'होली आई रे, पिया जी रे देश रे। म्हारो शाम हठीलो कान्हों केसर खेलत होरी रे!'

6. बिंते दिल: सबसे अलग-सबसे जुदा

'बिंते दिल' इस एल्बम का सबसे अलग तरीके का गाना है। मध्यम बीट के इस गाने की लिरिक्स और कंपोजीशन में अरबी पुट है। अरिजीत सिंह में अपनी आवाज दी है। अरिजीत सिंह के इस अंदाज़ को आपने शायद पहले सुना नहीं होगा। बिंते दिल इस एल्बम का आखिरी गाना है।

बजट, स्केल और भव्यता के लिहाज से पद्मावत इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल है। इसे भंसाली प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है। इसमें दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मिनी, शाहिद कपूर ने रतन सिंह और रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया है। फिल्म देशभर में 25 जनवरी को रिलीज होगी।

Web Title: Padmaavat Music album review

नई रिलीज़ से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे