महाराष्ट्रः आवारा होने के संदेह में पुलिस ने पुरुष को पकड़ा लेकिन निकली युवती, अजब है कहानी
By अभिषेक पारीक | Published: July 5, 2021 10:07 PM2021-07-05T22:07:17+5:302021-07-05T22:10:33+5:30
महाराष्ट्र में एक महिला के पुरुष बनकर रहने का मामला सामने आया है। पुलिस एक शख्स को पुरुष समझ रही थी लेकिन जब पूछताछ हुई तो सच सामने आ गया।
महाराष्ट्र में एक महिला के पुरुष बनकर रहने का मामला सामने आया है। पुलिस एक शख्स को पुरुष समझ रही थी लेकिन जब पूछताछ हुई तो सच सामने आ गया। महिला की वेशभूषा पुरुषों के जैसी थी और उसने अपना नाम भी पुरुषों जैसा ही रख लिया था। जिसने भी इसके बारे में सुना वह दंग रह गया।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में आवारा होने के शक में पुलिस थाने लाया गया एक किशोर असल में लड़की निकला। असामाजिक तत्वों से बचने के लिए पुरुष की वेशभूषा में रहती थी। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा
शांति नगर पुलिस थाना के उप-निरीक्षक दीप भवर ने बताया कि शुरू में किशोर ने अपना नाम समीर शेख बताया, लेकिन बाद में उसने खुलासा किया कि उसका वास्तविक नाम माया है और वह एक महिला है। उसने बताया कि लॉकडाउन के कारण उसे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था इसलिए उसने हादपसर स्थित अपने घर को छोड़ दिया और वह नौकरी ढूंढ रही थी।
किशोरी को माता-पिता के पास भेज दिया
पुलिस उप-निरीक्षक भवर ने कहा, 'शुरुआत में माया मुंबई में आई और उसके बाद वह भिवंडी में आ गयी। उसने बताया कि आसामाजिक तत्वों से बचने के लिए वह पुरुष की वेशभूषा में रह रही थी। जांच में पता है कि करीब आठ महीने हादपसर में एक किशोरी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गयी थी।' पुलिस ने किशोरी को उसके माता-पिता के पास भेज दिया है।