कर्नाटक में 40% कमीशन की सरकार गिराई, अब मध्य प्रदेश में 50% कमीशन की सरकार को गिराएंगे: मल्लिकार्जुन खड़गे

By मुकेश मिश्रा | Published: August 22, 2023 04:22 PM2023-08-22T16:22:01+5:302023-08-22T16:24:08+5:30

खरगे ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले 18 सालों में दलितों औऱ कमजोर वर्गों के साथ जो अन्याय हुआ, उसका प्रायश्चित क्या इन बातों से हो जाएगा? सारा पाप धुल जाएगा? संत रविदासजी के मंदिर भारत ही नहीं दुनिया के कई देशों में है। हम लोग संत रविदासजी के विचारों को सम्मान देते हैं, उसे मानते हैं।

Mallikarjun Kharge says Toppled the 40% commission government in Karnataka, will now topple the 50% commission government in Madhya Pradesh | कर्नाटक में 40% कमीशन की सरकार गिराई, अब मध्य प्रदेश में 50% कमीशन की सरकार को गिराएंगे: मल्लिकार्जुन खड़गे

कर्नाटक में 40% कमीशन की सरकार गिराई, अब मध्य प्रदेश में 50% कमीशन की सरकार को गिराएंगे: मल्लिकार्जुन खड़गे

सागर: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सियासी जंग तेज हो गई है। सागर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार को पहुंचे और मोदी तथा शिवराज सिंह को संत रविदास के नाम पर घेरा।

खरगे ने कहा कि मोदीजी को संत रविदास सिर्फ़ चुनाव में याद आते हैं। चंद रोज पहले सागर में ही प्रधानमंत्री मोदीजी ने 100 करोड़ के संत रविदास मंदिर और स्मारक का शिलान्यास किया।ये खुशी की बात है।

लेकिन 9 साल से मोदी सरकार हैं, शिवराज 18 साल से सरकार में है, रविदासजी अब क्यों याद आए? चुनाव आने वाला है। मैं पूछना चाहता हूँ कि इनको संत रविदास की इतनी चिंता है तो दिल्ली में संत रविदास की यादों से जुड़े ऐतिहासिक मंदिर को क्यों गिरवा दिया? जिस मन्दिर को गिराया गया वहॉं 1509 में  रविदासजी ने विश्राम किया था।

सिकंदर लोदी ने जमीन दान दी थी और मंदिर तथा बावड़ी बनी। इस पुराने मंदिर को बाबू जगजीवन राम ने 1959 में पुनरुद्धार करा कर उद्घाटन किया था। मोदी जी  चाहते तो उसे बचा सकते थे।

संत रविदासजी ने बचपन से शिक्षा से लेकर हर क्षेत्र में भेदभाव देखा था। उनके विचारों में शिक्षा और गुण दोनों की बड़ी अहमियत दी। वो कहते थे कि किसी की पूजा इसलिए न करो कि वो बड़े पद पर है। वो ऐसी व्यवस्था चाहते थे, जहाँ कोई भी भूखा न रहे और छुआछूत का भाव न हो। वो कहते थे- “ऐसा चाहूं राज मैं, मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न..."

खरगे ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले 18 सालों में दलितों औऱ कमजोर वर्गों के साथ जो अन्याय हुआ, उसका प्रायश्चित क्या इन बातों से हो जाएगा? सारा पाप धुल जाएगा? संत रविदासजी के मंदिर भारत ही नहीं दुनिया के कई देशों में है। हम लोग संत रविदासजी के विचारों को सम्मान देते हैं, उसे मानते हैं।

मध्य प्रदेश में हमारी सरकार बनेगी तो बुंदेलखंड क्षेत्र में संत रविदासजी की याद में विश्वविद्यालय बनेगा, जो देश भर में उनके विचारों की रोशनी बिखेरेगा।

खरगे ने कहा कि भाजपा ने जनादेश का अपमान किया है। आप जानते हैं कि मैं कर्नाटक राज्य से आता हूं। 2018 में कर्नाटक में बीजेपी हारी और हमारी गठबंधन की सरकार बनी। फिर आप लोगों ने मध्य प्रदेश में बीजेपी को हराया, हारी और कांग्रेस की सरकार बनी।

दोनों राज्यों में हारने के बाद बीजेपी ने खेल शुरू किया। क्योंकि उनकी पिछली सरकार के काले कारनामे सामने आने लगे थे सीबीआई,ईडी और सरकारी एजेंसी लगा कर पहले जुलाई 2019 में कर्नाटक में चुनी हुई सरकार गिरा कर चोर दरवाजे से अपनी सरकार बना ली। इसी तरह मार्च 2020 में कोरोना के दौरान मध्य प्रदेश में सरकार बनायी।

बीजेपी के लिए कॉंग्रेस या दूसरे दलों के लोग तब तक बुरे और परिवारवादी होते हैं, जब तक बीजेपी में न चले जायें। बीजेपी के पास ऐसी वाशिंग मशीन है जिसमें डाल कर उनको मोदीजी और शाहजी पवित्र कर देते हैं।

सरकारें गिराने वाली टीम के मुखिया ही अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस की पुरानी सरकारों के कामकाज का ब्यौरा मांग रहे हैं। ये सरकारें आपने किस लालच या मजबूरी में गिरायी थीं। मणिपुर, गोवा, महाराष्ट्र और कई राज्यों में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी सरकारों को उन्होंने गिराया। ऊपर से लोकतंत्र-संविधान की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं।

कर्नाटक और मध्य प्रदेश दोनों जगह बीजेपी सरकार बनने के बाद कैसा भ्रष्टाचार हुआ, ये सब अच्छी तरह जानते हैं। कर्नाटक में 40% कमीशन की सरकार को बचाने के लिए मोदीजी, उनकी पूरी कैबिनेट, शिवराजजी औऱ बीजेपी के सारे मुख्यमंत्री 2 महीने जगह-जगह घूमे।

लेकिन कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन भ्रष्ट सरकार बाहर कर दिया। उनकी विदाई हो गयी है और जनता ने ऐसा प्रचंड बहुमत दिया कि ये कुछ गलत करने की हालत में भी नहीं रहे।

मप्र में 50% कमीशन चल रहा है। अब मध्य प्रदेश की जनता की अदालत का फैसला आना है। हमें भरोसा है कि यहां जीत के सारे रिकॉर्ड टूटने वाले हैं।

खरगे ने कहा कि बाबा साहेब कहते थे कि ‘बदला लेने की नहीं बदलाव लाने की सोच रखो”, वही सोच हमारी है। इसी सोच पर हम लोग मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में सरकार बनाने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ और राजस्थान की हमारी सरकारों को अच्छे कामों के कारण फिर जनादेश मिलेगा, ऐसा हमें भरोसा है।

मध्य प्रदेश को भारत का दिल कहते हैं। लेकिन बीजेपी राज में 18 सालों में घोटालों से ये बहुत बदनाम हुआ। धरती से लेकर आसमान तक और नदी से लेकर पहाड़ तक को इन्होंने नही छोड़ा। इंसान से लेकर भगवान तक सबको धोखा दिया। कहीं आग में फाइल जल रही है तो महाकाल में तूफान ने इनकी कारस्तानी की पोल खोल दी।

व्यापम घोटाले के बारे में तो देश का बच्चा-बच्चा जान रहा है। ये घोटाला 2013 में प्रकाश में आया, 40 से ज़्यादा अभियुक्तों, गवाहों और जाँचकर्ताओं की संदिग्ध मौत हुई। इसे छिपाने की कहानी ऐसी तिलस्मी है कि इस पर फिल्म बनेगी तो खूब चलेगी।

मैं खुद 27 साल मंत्री रहा, 10 साल नेता प्रतिपक्ष रहा, चार साल पीसीसी चीफ रहा, लेकिन जैसे घोटाले यहां हुए, वैसा मैने कभी नहीं सुना।
नर्मदाजी में अवैध खनन, पोषण आहार घोटाला, डंपर घोटाला, व्यापम घोटाला, डी-मेट घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, नर्सिंग कॉलेज घोटाला, पटवारी भरती घोटाला। धर्म के नाम पर भी घोटाला हुआ।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड पैकेज का क्या हुआ? मोदीजी ने सागर की झील और लाखा बंजारा का जिक्र करते हुए कहा कि लाखा बंजारा ने इतने वर्ष पहले पानी की अहमियत को समझा था, कांग्रेस ने नहीं। पर मोदीजी ने बुंदेलखंड पैकेज पर क्यों कुछ नहीं कहा। आप लोग जानते हैं कि राहुलजी के प्रयासो से 2009 में बुंदेलखंड पैकेज बना था। बीजेपी सरकार ने ढंग से इस पैकेज का उपयोग किया होता तो आज यहां की तस्वीर बदल गयी होती।
 

खरगे ने कहा कि शिवराज सरकार में  मध्य प्रदेश में कैश राज, कमिशन राज, घोटाला राज ही चल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर मैं आपसे ये वादा करता हूं कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर हम जाति जनगणना भी करायेंगे। आपने देखा कि कर्नाटक में सरकार बनते ही हम लोगों ने जनता को जो राहत दी है, वही मध्य प्रदेश में सरकार बनते होगा।

किसान कर्ज मुक्त होंगे

एलपीजी गैस सिलेंडर केवल 500 रुपए में मिलेगा। हम राजस्थान में भी दे रहे हैं। अमित शाह के रिपोर्ट कार्ड पर टिप्पणी करते हुए  खरगे ने कहा कि होम मिनिस्टर अमित शाह ने 20 अगस्त को मध्यप्रदेश का 20 सालों का रिपोर्ट कार्ड जारी करके बहुत कुछ कहा। यूपीए सरकार पर बहुत झूठी बातें कहीं। हमसे 53 साल का हिसाब मांगा है। बहुत से आंकड़े दिए हैं। ये खेती नहीं करते लेकिन आंकड़ो की खेती जानते हैं। "करेंगे क्या रफू वो चाके गरेंबा को जिन्हें अपना फटा दामन कभी सीना नहीं आया..."

अमित शाह जी को मैं कहना चाहूंगा कि हम 53 साल का पूरा हिसाब देने को तैयार हैं। लेकिन पहले आप उन 254 घोटालों का हिसाब दे दीजिए, जिसका पूरा कच्चा चिट्ठा हाल में कमलनाथजी ने दिया है।

Web Title: Mallikarjun Kharge says Toppled the 40% commission government in Karnataka, will now topple the 50% commission government in Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे