पश्चिम बंगाल: कोलकाता में लटकी हुई मिली भाजपा कार्यकर्ता की लाश, अमित शाह के स्वागत के लिए तय कार्यक्रम पार्टी ने किए रद्द
By विनीत कुमार | Published: May 6, 2022 11:33 AM2022-05-06T11:33:03+5:302022-05-06T11:40:25+5:30
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर है। इस बीच कोलकाता में शुक्रवार सुबह एक भाजपा कार्यकर्ता की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। भाजपा ने टीएमसी पर हत्या का आरोप लगाया है।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में काशीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा के एक नेता का शव लटका हुआ मिला। भारतीय जनता युवा मोर्चा कमेटी के सदस्य अर्जुन चौरसिया का शव उनके आवास के पास लटका हुआ मिला।
पार्टी के 27 साल के कार्यकर्ता का शव उस समय मिला है जब केंद्री गृह मंत्री अमित शाहपश्चिम बंगाल के दौरे पर है। बहरहाल, आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। अमित शाह आज कोलकाता में होंगे। सामने आई जानकारी के अनुसार कार्यकर्ता की मौत के बाद बंगाल भाजपा ने कोलकाता में अमित शाह के स्वागत के लिए सभी समारोहों को रद्द कर दिया है।
इस बीच भाजपा ने चौरसिया की 'हत्या' के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार अर्जुन चौरसिया ने अमित शाह के आज के दौरे के दौरान मोटरसाइकिल रैली पर चर्चा के लिए गुरुवार की रात अपने पार्टी सहयोगियों के साथ बैठक भी की थी। इसके बाद उनका शव मिला है।
बंगाल भाजपा इकाई ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं से उन सभी स्वागत समारोहों को रद्द करने को कहा है जो अमित शाह की यात्रा के लिए कोलकाता में तय किए गए हैं। पार्टी इकाई ने कहा, 'दुर्भाग्यपूर्ण हत्या के मद्देनजर, कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए सभी समारोह रद्द कर दिए गए हैं।'
वहीं, बंगाल भाजपा नेता दिलीप घोष ने चौरसिया की 'हत्या' की निंदा करते हुए तृणमूल पर अपने राजनीतिक विरोधियों को मारने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्जुन चौरसिया को मार डाला गया और पिर फांसी पर लटका दिया गया।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि यह टीएमसी की पुरानी चाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कई बार भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं की हत्या की और उन्हें फांसी पर लटका दिया। सिन्हा ने दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।