उत्तराखंड भाजपा चीफ का समर्थकों को फरमान- उन घरों की तस्वीरें खींचे जिन्होंने तिरंगा नहीं लगाया

By विनीत कुमार | Published: August 12, 2022 12:59 PM2022-08-12T12:59:28+5:302022-08-12T13:16:48+5:30

केंद्र सरकार के 'हर घर तिरंगा' अभियान से कई विवाद भी जुड़ते जा रहे हैं। उत्तराखंड भाजपा के चीफ महेंद्र भट्ट भी चर्चा में है। उन्होंने अपने समर्थकों से उन घरों की तस्वीर खींचने को कहा है जहां तिरंगा प्रदर्शित नहीं किया गया हो।

Uttarakhand BJP chief Mahendra Bhatt tells click pictures of homes not displaying national flag | उत्तराखंड भाजपा चीफ का समर्थकों को फरमान- उन घरों की तस्वीरें खींचे जिन्होंने तिरंगा नहीं लगाया

महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस ने किया तंज (फोटो- फेसबुक)

Highlightsभाजपा के उत्तराखंड इकाई के चीफ महेंद्र भट्ट ने उन घरों की फोटो खींचने को कहा है जहां तिरंगा नहीं लगाए गए।महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस ने तंज करते हुए कहा कि इस तरह तो आरएसएस पर भी किसी को भरोसा नहीं करना चाहिए।महेंद्र भट्ट ने ये भी कहा था कि भारत उन लोगों पर भरोसा नहीं कर सकता जो घर पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाते हैं।

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखंड इकाई के चीफ महेंद्र भट्ट ने समर्थकों से उन घरों की फोटो खींचने को कहा है कि जहां तिरंगा नहीं लगाया है। भारत की आजादी के 75 साल पूरा होने के मौके पर केंद्र सरकार ने इस बार हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है और इसके तहत 20 करोड़ घरों में तिरंग फहराने का लक्ष्य है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने लोगों से इसमें हिस्सा लेते हुए अपने घर पर तिरंगा लगाने आह्वान किया है।

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार इसी अभियान के क्रम में महेंद्र भट्ट ने अपने समर्थकों से उन घरों की तस्वीर लेने को कहा है जहां तिरंगा नहीं लगाया गया है। 

पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 अगस्त से 15 अगस्त तक नागरिकों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए 'हर घर तिरंगा' अभियान शुरू किया था। 

सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के हिस्से के रूप में हल्द्वानी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के भाजपा प्रमुख महेंद्र भट्ट ने कहा कि भारत उन लोगों पर भरोसा नहीं कर सकता जो राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराते हैं। भट्ट ने कहा, 'घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने में किसे दिक्कत हो सकती है?' भाजपा नेता ने यह भी कहा कि लोग यह देखना चाहेंगे कि कौन राष्ट्रवादी है और कौन नहीं।

महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस का जवाब

महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस नेता करण महारा ने तंज कसते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय जो भाजपा की वैचारिक जमीन है, वहां कई वर्षों तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। महारा ने कहा, 'अगर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर विश्वास किया जाए तो किसी को भी आरएसएस पर भरोसा नहीं करना चाहिए।'

वहीं, उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रमुख गणेश गोदियाल ने कहा कि भट्ट को 'मूर्खतापूर्ण टिप्पणी' करने से पहले दो बार सोचना चाहिए क्योंकि वह एक राष्ट्रीय पार्टी के राज्य प्रमुख हैं। उन्होंने कहा, 'वर्तमान में, मैं पहाड़ियों के दौरे पर हूं और कई घरों को तिरंगा नहीं फहराते हुए देख सकता हूं, शायद भाजपा शासन के तहत उनकी कठिन वित्तीय स्थिति के कारण ऐसा है।'

कांग्रेस की आलोचना पर भट्ट ने कहा कि कांग्रेस ने उनकी टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला। उन्होंने  दावा किया, 'सरकार द्वारा विभिन्न माध्यमों से तिरंगा उपलब्ध कराया जा रहा है और पार्टी इसमें मदद भी कर रही है। मैंने केवल इतना कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर किसी को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने में कोई समस्या क्यों होगी।'

भट्ट ने साथ ही दोहराया कि जो लोग झंडा नहीं फहराएंगे, उन पर इस देश के लोग भरोसा नहीं करेंगे।

Web Title: Uttarakhand BJP chief Mahendra Bhatt tells click pictures of homes not displaying national flag

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे