उत्तर प्रदेश और झारखंड में उपचुनावः कांग्रेस ने घोषित किए प्रत्याशी, जानिए किसे कहां से मिला टिकट
By भाषा | Published: October 9, 2020 07:04 PM2020-10-09T19:04:41+5:302020-10-09T20:55:08+5:30
उत्तर प्रदेश की नौगावां सादात से कमलेश सिंह, बुलंदशहर से सुशील चौधरी, टुंडला से स्नेहलता, घाटमपुर से कृपाशंकर और देवरिया से मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी को टिकट दिया गया है। झारखंड में बरमो विधानसभा क्षेत्र से कुमार जयमंगल को उम्मीदवार बनाया गया है।
नई दिल्लीः कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और झारखंड में होने वाले विधानसभा उप चुनावों के लिए शुक्रवार को छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के मुताबिक, पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पांच सीटों और झारखंड में एक सीट पर प्रत्याशियों का चयन किया है।
उत्तर प्रदेश की नौगावां सादात से कमलेश सिंह, बुलंदशहर से सुशील चौधरी, टुंडला से स्नेहलता, घाटमपुर से कृपाशंकर और देवरिया से मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी को टिकट दिया गया है। झारखंड में बरमो विधानसभा क्षेत्र से कुमार जयमंगल को उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस ने ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ के चलते में असम में विधायक को निष्कासित किया
कांग्रेस ने असम में अपने विधायक राजदीप गोवाला को ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ के चलते छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष ने राजदीप गोवाला को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की।
Congress MLA in Assam, Rajdeep Gowala expelled from the party for a period of six years, "for indulging in anti-party activities." pic.twitter.com/BKhGWDw18o
— ANI (@ANI) October 9, 2020
गोवाला राज्य के बराक घाटी इलाके के लखीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से भाजपा के साथ संपर्क में थे। भाजपा नेता और राज्य सरकार के मंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने कुछ महीने पहले राज्यसभा के चुनाव के समय दावा किया था कि गोवाल कुछ अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा में शामिल होंगे।
बरोदा विस उपचुनावः भाजप को जीत का यकीन, कांग्रेस का दावा कि लोग सरकार को सिखाएंगे सबक
हरियाणा में सोनीपत जिले की बरोदा विधानसभा सीट पर नवंबर में होने वाले उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। जहां भाजपा का कहना है कि इस सीट के मतदाता विकास के लिए मत देंगे, वहीं कांग्रेस का दावा है लोग सत्तारूढ़ दल की “किसान विरोधी“ नीतियों के लिए उसे सबक सिखाने का इंतजार कर रहे हैं। हरियाणा भाजपा प्रमुख ओपी धनखड़ ने कहा कि बरोदा के लोग विकास के लिए मतदान करके सुनिश्चित करेंगे कि भाजपा का प्रत्याशी जीते।
धनखड़ ने गुड़गांव में पत्रकारों से कहा, “ राज्य के अन्य हिस्सों की तरह बरोदा विधानसभा क्षेत्र के लोग भी विकास चाहते हैं। वे विकास के लिए मतदान करेंगे। “ दूसरी ओर, हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि लोग सरकार को “ किसान-विरोधी“ और “जन-विरोधी“ नीतियों के लिए सबक सिखाने के वास्ते उपचुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया ‘‘ समाज का कोई भी तबका, चाहे गरीब हो, कर्मचारी हो, युवा हो और किसान हो, वह इस सरकार से खुश नहीं हैं।
किसान पहले ही तीन कृषि कानूनों को लेकर नाराज हैं। ’’ बहरहाल, बरोदा सीट से कांग्रेस विधायक श्री कृष्ण हुड्डा का इस साल अप्रैल में निधन हो गया था, जिसके बाद सीट रिक्त हो गई है। इस सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। दोनों मुख्य पार्टियों में से किसी ने भी अब तक अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर तीन नवंबर को मतदान होना है और 10 नवंबर को मतगणना है।