UP Election 2022: कांग्रेस ने जारी किया चुनाव प्रचार के लिए अपने दिग्गज नेताओं का नाम
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: January 24, 2022 04:08 PM2022-01-24T16:08:01+5:302022-01-24T16:14:29+5:30
कांग्रेस पार्टी ने चुनाव के पहले चरण के लिए कुल 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की। जिसमें सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को अपनी साख से जोड़ चुकीं प्रियंका गांधी की मदद के लिए कांग्रेस पार्टी ने कुछ दिग्गज स्टार प्रचाकों की लिस्ट जारी की है जो प्रचार में प्रियंका गांधी की मदद करेंगे। यह नेता पार्टी के लिए वोट मांगने के लिए जनता के बीच जाएंगे और प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने का काम करेंगे।
कांग्रेस पार्टी ने चुनाव के पहले चरण के लिए कुल 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की। जिसमें पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, स्वयं प्रियंका गांधी, वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता सचिन पायलट, सलमान खुर्शीद, राज बब्बर, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कन्हैया कुमार, हार्दिक पटेल सहित और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 24, 2022
पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पार्टी के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलोत और अन्य का नाम प्रचारकों की सूची में है। pic.twitter.com/yTPSmz50ni
इस लिस्ट में आश्चर्यजनक तरीके से पंजाब से किसी नेता का नाम शामिल नहीं है, जबकि पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू भाषण की अपनी खासी कला मसलन 'ठोंक ताली' जैसे जुमलों से जनता को आकर्षित करने में काफी हद तक सफल रहते हैं। लेकिन ऐसा लगता है कि पंजाब चुनाव और भीतरखाने की खींचतान के कारण सिद्धू को यूपी से दूर रखा गया है।