लाइव न्यूज़ :

उन्नाव बलात्कार कांड: हरकत में आयी यूपी पुलिस, तीन कांस्टेबल निलंबित, दूसरे वकील को मिली सुरक्षा

By भाषा | Updated: August 2, 2019 01:47 IST

शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार को यह निर्देश भी दिया कि वह बलात्कार पीड़िता को अंतरिम मुआवजे के तौर पर 25 लाख रुपये दे। उच्चतम न्यायालय ने यह निर्देश भी दिया कि पीड़िता के बलात्कार से जुड़े मुख्य मामले की सुनवायी शुरू होने के 45 दिन के भीतर पूरी की जाए।

Open in App

देशभर में नाराजगी और तीखी प्रतिक्रिया के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस बृहस्पतिवार को हरकत में आयी और उन्नाव बलात्कार पीड़िता की सुरक्षा के लिए लगाये गये तीन पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया। इस बीच, राज्य सरकार ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर बलात्कार पीड़िता के परिजनों को अंतरिम मुआवजे के तौर पर 25 लाख रुपये दिए। रविवार को सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाली पीड़िता की मौसी का बाराबंकी स्थित उनके गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

सपा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की है। बलात्कार पीड़िता की सुरक्षा के लिए लगाये गये तीन पुलिसकर्मियों को डयूटी में लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया गया। उन्नाव के पुलिस अधीक्षक एम पी वर्मा ने बताया कि निलंबित पुलिसकर्मियों के नाम सुदेश कुमार, सुनीता देवी और रूबी पटेल हैं।

पीड़िता के एक अन्य वकील अजेन्द्र अवस्थी को भी जिला प्रशासन ने पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायी है। अवस्थी ने रविवार की दुर्घटना के परिप्रेक्ष्य में सुरक्षा का आग्रह किया था। दुर्घटना में पीड़िता का एक वकील गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीड़िता की मौसी का अंतिम संस्कार बाराबंकी स्थित उनके गांव में कर दिया गया। उनके शव को लखनऊ से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबेहा थानाक्षेत्र स्थित गांव में लाया गया। अंतिम संस्कार उनके बेटे ने दो बेटियों की मौजूदगी में किया। मौसी के पति का पहले ही देहान्त हो चुका था। मौसी का शव पहुंचते ही परिवार वाले रोने बिलखने लगे।

वहां पर आईजी और एसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल सुरक्षा में तैनात था। गांव के बाहर ही मौसी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका की बेटी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि उसकी मां की मौत हादसे में नहीं हुई बल्कि विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने यह दुर्घटना करवायी है। उसकी मां उन्नाव बलात्कार पीड़िता के साथ पिछले नौ महीने से वहीं रहकर मामले की पैरवी करती थी।

उसने कहा कि सारा किया-कराया विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का ही है और सेंगर की सोची समझी साजिश है। मां की मौत की भरपाई तो नहीं हो सकती है लेकिन सरकार से मांग है कि उसके भाई को नौकरी दी जाए और आर्थिक मदद की जाये। मोदी जी और योगी जी से यही मांग है ताकि हम लोग अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें। बाकी अब हम लोगों में इस मामले की लड़ाई लड़ने की हिम्मत नहीं बची है।

गौरतलब है कि भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली लड़की, उसकी चाची और मौसी अपने वकील महेंद्र के साथ रायबरेली जेल में बंद अपने रिश्तेदार महेश सिंह से रविवार को मुलाकात करने जा रही थीं। रास्ते में रायबरेली के गुरबख्श गंज क्षेत्र में उनकी कार और एक ट्रक के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में टक्कर हो गयी थी। इस हादसे में मौसी और चाची को लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था जबकि पीड़िता और उसके वकील महेंद्र सिंह पिछले पांच दिन से किंग जार्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी के ट्रामा सेंटर में भर्ती है, जहां उनकी हालत स्थिर बतायी गयी है।

चाची का बुधवार को उनके पैतृक गांव उन्नाव के माखी में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। पीड़िता लड़की ने 2017 में उन्नाव से भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर बलात्कार का आरोप लगाया था। इस मामले में सेंगर को गिरफ्तार किया गया था। मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की गयी थी और इस वक्त सेंगर जेल में हैं।

रायबरेली सड़क दुर्घटना के मामले की भी सीबीआई जांच आरंभ हो गयी है। उधर पीड़िता और उनके वकील की हालत बृहस्पतिवार को पांचवे दिन भी स्थिर बनी हुई है। पीड़िता जहां अब भी वेंटीलेटर पर है, वहीं वकील को भी कुछ देर के लिये वेंटीलेटर से हटाकर देखा गया। केजीएमयू ने ऐसी किसी संभावना से इनकार किया कि पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया जा रहा है।

केजीएमयू ट्रामा सेंटर के प्रभारी डॉक्टर संदीप तिवारी ने बृहस्पतिवार दोपहर को 'भाषा' से कहा, ''पीड़िता को कई फ्रैक्चर हैं। साथ ही सीने में भी चोट है। पीड़िता की हालत स्थिर है। बहुत मामूली सुधार हुआ है लेकिन अभी इसे संतोषजनक नहीं कहा जा सकता है। पीड़िता को अभी तक होश नहीं आया है।''

उन्होंने बताया कि पीड़िता का सीटी स्कैन कराया गया था लेकिन सिर में कोई चोट फिलहाल नजर नहीं आयी है। इसके बावजूद सिर की चोट से इनकार नहीं किया जा सकता है क्योंकि सिर की बहुत सी चोटें सीटी स्कैन में नजर नहीं आती हैं। पीड़िता की हालत स्थिर है और डाक्टरों की टीम 24 घंटे उसकी निगरानी कर रही है और वह अब भी वेंटीलेटर पर है।

उन्होंने बताया कि घायल वकील महेंद्र सिंह को कुछ देर के लिये वेंटीलेटर से हटाकर देखा गया था। इस दौरान उनकी तबीयत स्थिर रही। बाद में फिर उन्हें वेंटीलेटर पर कर दिया गया। वहीं, समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी, पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह और आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर की तस्वीर लगा कर ट्वीट किया कि ''इन तीनों के हटे बिना पीड़ित बेटी को न्याय नहीं मिलेगा।''

दिल्ली में विभिन्न वर्गों के व्यापक आक्रोश और विपक्षी दलों की तीखी आलोचना के बीच भाजपा ने आरोपी विधायक सेंगर को पार्टी से निकाल दिया है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को इस आशय की जानकारी दी। इसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सेंगर को निष्कासित किए जाने के मामले पर ट्वीट कर कहा, ''भाजपा ने एक अपराधी को सशक्त बनाए जाने की बात स्वीकार की। स्वयं को सुधारने के लिए कदम उठाया।''

उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविन्द चौधरी (सपा) ने कहा कि घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए योगी को इस्तीफा देना चाहिए। बृहस्पतिवार को ही उच्चतम न्यायालय ने उन्नाव बलात्कार प्रकरण से जुड़े सभी पांचों मामले उत्तर प्रदेश की अदालत से राष्ट्रीय राजधानी की अदालत में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।

शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार को यह निर्देश भी दिया कि वह बलात्कार पीड़िता को अंतरिम मुआवजे के तौर पर 25 लाख रुपये दे। इस बीच, राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार की तरफ से उन्नाव पीड़िता के परिवारजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलनिधि नैथानी द्वारा प्रदान किया गया।

उच्चतम न्यायालय ने यह निर्देश भी दिया कि पीड़िता के बलात्कार से जुड़े मुख्य मामले की सुनवायी शुरू होने के 45 दिन के भीतर पूरी की जाए।

टॅग्स :उन्नाव गैंगरेपउत्तर प्रदेशकुलदीप सिंह सेंगरयोगी आदित्यनाथup police
Open in App

संबंधित खबरें

भारतयूपी में स्थापना दिवस के जरिए लोगों के घर-घर पहुंचेगी भाजपा, लोगों को PM मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां बताएँगे पार्टी पदाधिकारी

क्राइम अलर्टरिजवान अहमद को दिल्ली पुलिस ने उठाया?, मोबाइल, लैपटॉप की जांच, 2017 मुंबई बम विस्फोट को लेकर कार्रवाई

क्राइम अलर्टपति-पत्नी और वो..., अवैध संबंध के चलते महिला ने सुहाग को उतारा मौत के घाट; आगरा पुलिस का खुलासा

ज़रा हटकेVIRAL: बुलडोजर पर सवार होकर पहुंची विधायक, वायरल हुआ अनोखा अंदाज

भारतलखनऊ सहित यूपी के 17 शहरों में कूड़े का अंबार?, मतदान करने असम गए हजारों सफाईकर्मी, 12 अप्रैल को लौंटेगे?

भारत अधिक खबरें

क्राइम अलर्टबिहार की राजधानी पटना से सटे खगौल में अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर स्वर्ण व्यापारियों से लूटा 16 किग्रा सोना

भारतWATCH: बिहार के सारण जिले में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष का एक लड़की के साथ अश्लील वीडियो वायरल, दोनों आपत्तिजनक अवस्था में थे खेत में एक लड़की नेता के पीछे भाग रही है

भारतबिहार में सत्ता हस्तांतरण को लेकर सियासी हलचल हुई तेज, 12 अप्रैल को नीतीश कुमार दे सकते हैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भाजपा में मुख्यमंत्री को लेकर जारी है मंथन 

क्राइम अलर्टयूपी के मदरसे में शिक्षकों ने 10 साल के बच्चे को पीटा, एक ने उसे पकड़कर रखा, दूसरे ने डंडे से मारा, VIDEO

क्राइम अलर्टMotihari News: बिहार पुलिस ने मदरसे में की छापेमारी, पीएफआई से सांठगांठ का संदेह