AIIMS में भर्ती लालू यादव से मिले केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, ट्वीट कर दी जानकारी
By भाषा | Updated: March 30, 2018 05:41 IST2018-03-30T05:41:58+5:302018-03-30T05:41:58+5:30
रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) ने लालू को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के लिए रेफर किया था। एम्स के एक चिकित्सक ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।

AIIMS में भर्ती लालू यादव से मिले केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा, ट्वीट कर दी जानकारी
नई दिल्ली, 30 मार्चः बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में रांची में जेल की सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद को विशेष इलाज के लिए यहां एम्स में भर्ती कराया गया। गुरुवार को केन्द्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने एम्स जा कर लालू से मुलाकात की और उनकी तबीयत के बारे में मालुमात हासिल की। मंत्री ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।
रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) ने लालू को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के लिए रेफर किया था। एम्स के एक चिकित्सक ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। उन्हें दोपहर में यहां लाया गया। उनके रक्त में शुगर की मात्रा थोड़ी बढ़ी हुई है और उनके गुर्दे में संक्रमण है।
उन्होंने बताया कि लालू को मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया है। लालू को बेचैनी की शिकायत के बाद 17 मार्च को राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में भर्ती कराया गया था। सीबीआई की विशेष अदालत से एम्स में इलाज कराने की अनुमति मिलने के बाद वह कल रेलगाड़ी से दिल्ली रवाना हुए थे।
चारा घोटाला मामले में शुरूआत से लालू की पैरवी कर रहे उनके वकील चित्तरंजन सिन्हा ने बताया कि 69 वर्षीय नेता मधुमेह, रक्तचाप से पीडित हैं और उनका क्रीटनाइन का स्तर बढ़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि उनकी स्थिति विमान से यात्रा करने की नहीं थी और रिम्स के चिकित्सकों ने उन्हें ट्रेन से जाने की सलाह दी थी।