ओडिशा में मालगाड़ी की चपेट में आने से दो हाथियों की मौत
By भाषा | Published: February 4, 2021 03:54 PM2021-02-04T15:54:55+5:302021-02-04T15:54:55+5:30
भुवनेश्वर, चार फरवरी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला वन क्षेत्र में मालगाड़ी की चपेट में आने से दो हाथियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह घटना बुधवार रात को उस समय हुई जब हाथी बिसरा क्षेत्र में महिपानी के पास हावड़ा-मुंबई मार्ग पर रेल की पटरियां पार कर रहे थे।
दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद कुछ घंटे तक मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।
बंगामुंडा के सहायक स्टेशन मास्टर निशांत कुमार ने कहा, ‘‘मालगाड़ी नासिक से शालीमार की ओर जा रही थी तभी यह हादसा हुआ। पटरियों को साफ कर दिया गया है और रेल सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।”
इस घटना से राज्य वन विभाग और रेलवे अधिकारियों के बीच दोषारोपण का खेल शुरू हो गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।