कल्याण सिंह की तेरहवीं कार्यक्रम में उन्हें दी गई श्रद्धांजलि

By भाषा | Published: September 1, 2021 03:50 PM2021-09-01T15:50:42+5:302021-09-01T15:50:42+5:30

Tribute paid to Kalyan Singh in his thirteenth program | कल्याण सिंह की तेरहवीं कार्यक्रम में उन्हें दी गई श्रद्धांजलि

कल्याण सिंह की तेरहवीं कार्यक्रम में उन्हें दी गई श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बुधवार को अलीगढ़ जिले के अतरौली में हुए तेरहवीं कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अतरौली के केएमवी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया, इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा के साथ-साथ बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों तथा वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र और विश्व हिंदू परिषद की प्रबंध समिति के सदस्य दिनेश चंद्र ने भी सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। बारिश के खलल की आशंका के मद्देनजर आयोजन स्थल पर विशेष वाटरप्रूफ पंडाल लगाया गया और तेरहवीं भोज के लिए भोजन बनाने को करीब 1400 रसोइयों को बुलाया गया। कार्यक्रम स्थल से लेकर हवाई पट्टी तक पर करीब 2000 पुलिस तथा पीएसी कर्मियों को तैनात किया गया। राजस्थान के राज्यपाल रह चुके राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 21 अगस्त की रात राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे। उन्हें गत 4 जुलाई को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार 23 अगस्त को बुलंदशहर के नरोरा मैं किया गया था। कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी थी। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कल्याण सिंह छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में कारसेवकों द्वारा विवादित ढांचा गिराये जाने के वक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उन्हें तथा 31 अन्य अभियुक्तों को पिछले साल सितंबर में बाबरी विध्वंस मामले में लखनऊ की एक विशेष अदालत ने बरी कर दिया था। लोध मतदाताओं में खासा प्रभाव रखने वाले कल्याण सिंह 1990 के दशक में भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता में लाने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल थे। उनके बेटे राजवीर सिंह एटा से सांसद हैं जबकि उनके पुत्र संदीप सिंह प्रदेश के वित्त तकनीकी शिक्षा तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Tribute paid to Kalyan Singh in his thirteenth program

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे

टॅग्स :KMV Inter College Ground