नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के नए मामले में पहली बार 10 हजार के पार पहुंचा। आज पेट्रोल प्रति लीटर 57 पैसे, डीजल 59 पैसे महंगा हुआ है। बिहार के सीतामढ़ी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली पुलिस की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने की खबर है। राहुल गांधी ने अमेरिका के पूर्व विदेश उप मंत्री निकोलस बर्न्स के साथ कोविड-19 पर चर्चा की। आइए जानें 12 जून 2020 की अब-तक दोपहर की प्रमुख खबरें...
1. भारत में कोविड-19 के नये मामले पहली बार 10,000 के पार पहुंचे
देश में शुक्रवार (12 जून) को एक दिन में कोविड-19 संक्रमण के नये मामले पहली बार 10,000 के पार पहुंच गए, जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,97,535 हो गए हैं, जबकि संक्रमितों में से और 396 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 8,498 हो गई है।
2. पूरी सैलरी नहीं देने पर प्रतिष्ठानों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं- उच्चतम न्यायालय
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को केन्द्र और राज्यों को निर्देश दिया कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से लागू लॉकडाउन के दौरान अपने श्रमिकों को पूर्ण पारिश्रमिक नहीं देने वाली निजी कंपनियों के खिलाफ जुलाई के अंतिम सप्ताह तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाए।
3. पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम- पेट्रोल वृद्धि पेट्रोल प्रति लीटर 57 पैसे, डीजल 59 पैसे महंगा हुआ
पेट्रोल की कीमतों में लगातार छठे दिन शुक्रवार को प्रति लीटर 57 पैसे और डीजल में प्रति लीटर 59 पैसे की वृद्धि हुई।
4. चीन का भयभीत नेतृत्व, वहां कानून के शासन का पालन कराने के लिए काम कर सकते हैं भारत-अमेरिका
अमेरिका के पूर्व विदेश उप मंत्री निकोलस बर्न्स ने चीन के नेतृत्व को ‘भयभीत और अपने ही लोगों पर शिकंजा कसने वाला’ करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि भारत और अमेरिका बीजिंग से लड़ने के लिए नहीं, बल्कि उसे कानून के शासन का पालन कराने के लिए साथ काम कर सकते हैं।
5. राष्ट्रवाद हिंदुओं, मुसलमानों और सिखों को बांटने वाले खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं- राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका में पहले जैसी सहिष्णुता नहीं होने का दावा करते हुए शुक्रवार को कहा कि अमेरिका में अफ्रीकी-अमेरिकियों एवं अन्य लोगों तथा भारत में हिंदुओं, मुसलमानों और सिखों को बांट कर देश की बुनियाद कमजोर करने वाले खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं।
6. ईएसआई घोटाले में आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री, पांच अन्य गिरफ्तार
-आंध्र प्रदेश में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के अधिकारियों ने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान ईएसआई कारपोरेशन में 150 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के संबंध में तेलुगू देशम पार्टी के वरिष्ठ नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री के. अत्चन्नायडू तथा पांच अन्यों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
7. MP के मुख्यमंत्री के ऑडियो-वीडियो क्लिप को लेकर धरना-प्रदर्शन की कोशिश, 30 कांग्रेस नेता गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कथित भाषण की ऑडियो-वीडियो क्लिप को लेकर धरना-प्रदर्शन की कोशिश कर रहे शहर कांग्रेस अध्यक्ष समेत करीब 30 पार्टी नेताओं को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। इन अप्रमाणित क्लिप के हवाले से कांग्रेस आरोप लगा रही है कि कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर गिरायी गयी थी।
8. पाक में कश्मीर पत्रकार कश्मीर को भारत का हिस्सा दिखाने पर पाकिस्तान के पीटीवी न्यूज ने दो पत्रकारों को निकाला
पाकिस्तान के सरकार संचालित पीटीवी न्यूज चैनल ने कश्मीर को भारत का हिस्सा दिखाने वाला देश का नक्शा प्रसारित करने के लिए दो पत्रकारों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
9. भारतीय-अमेरिकी मृदा वैज्ञानिक ने जीता प्रतिष्ठित विश्व खाद्य पुरस्कार
भारतीय मूल के अमेरिकी मृदा वैज्ञानिक डॉ रतन लाल को कृषि क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के बराबर माने जाने वाले प्रतिष्ठित विश्व खाद्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
10. नस्लवाद सैमी सैमी से सनराइजर्स के उनके साथी ने बात की, कैरेबियाई क्रिकेटर ने माफी की मांग वापस ली
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान डेरेन सैमी ने खुलासा किया है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उन्हें नस्ली उपनाम से संबोधित करने वाले एक साथी ने उनसे बात की और कहा कि वह प्यार से उन्हें ऐसा कह रहा था जिसके बाद वह माफीनामा नहीं चाहते हैं।