अंडमान-निकोबार में कोरोना वायरस संक्रमण के तीन नए मामले
By भाषा | Published: August 20, 2021 11:22 AM2021-08-20T11:22:32+5:302021-08-20T11:22:32+5:30
अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के तीन नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 7,553 हो गई। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। तीन नए मामले हवाई अड्डे पर जांच के दौरान सामने आए। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में प्रवेश से पहले सभी यात्रियों के लिये हवाई अड्डे पर आरटी-पीसीआर जांच कराना अनिवार्य है। अधिकारी ने कहा कि केन्द्र शासित प्रदेश में उपचाराधीन रोगियों की कुल संख्या पांच है। सभी उपचाराधीन रोगी दक्षिण अंडमान जिले में हैं। दो अन्य जिलों उत्तर व मध्य अंडमान-निकोबार में कोविड-19 का कोई रोगी नहीं है।अधिकारी ने बताया कि 7,419 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। बीते 24 घंटे में संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई है, लिहाजा मृतकों की कुल संख्या अब भी 129 है। अब तक 4,67,535 नमूनों की कोविड-19 जांच की जा चुकी है। संक्रमण दर 1.62 प्रतिशत है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।