पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जबरदस्त जीत पर तेजस्वी यादव ने कसा तंज, कहा-भाजपा के हर षड्यंत्र का पर्दाफाश करेंगे

By एस पी सिन्हा | Updated: May 6, 2026 18:39 IST2026-05-06T18:39:02+5:302026-05-06T18:39:06+5:30

तेजस्वी यादव ने कहा कि जब व्यवस्था ही बेईमान हो जाए तो न्याय की उम्मीद किससे की जा सकती है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे आखिरी सांस तक संघर्ष करेंगे और भाजपा के हर षडयंत्र का पर्दाफाश करेंगे।

Tejashwi Yadav took a jibe at the BJP's resounding victory in the West Bengal Assembly elections, declaring: "We will expose every conspiracy of the BJP" | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जबरदस्त जीत पर तेजस्वी यादव ने कसा तंज, कहा-भाजपा के हर षड्यंत्र का पर्दाफाश करेंगे

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जबरदस्त जीत पर तेजस्वी यादव ने कसा तंज, कहा-भाजपा के हर षड्यंत्र का पर्दाफाश करेंगे

पटना: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जबर्दस्त जीत पर बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा कहीं भी दौड़ में नहीं थी और नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे 'लुट तंत्र' करार दिया और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी कटाक्ष किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि जब व्यवस्था ही बेईमान हो जाए तो न्याय की उम्मीद किससे की जा सकती है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे आखिरी सांस तक संघर्ष करेंगे और भाजपा के हर षडयंत्र का पर्दाफाश करेंगे।

इसके साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में आज अपराधी 'सम्राट' और 'विजयी' हो चुके हैं। उन्होंने एनकाउंटर की नीति पर बड़ा बयान देते हुए इसे फर्जीवाड़े की आशंका से जोड़ा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जांच के नाम पर फर्जी एनकाउंटर कराए जा सकते हैं ताकि मूल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके और विपक्ष को गाली दी जा सके। तेजस्वी यादव ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में चल रहे 'बुलडोजर' को भी केवल ध्यान भटकाने वाला स्टंट बताया। 

वहीं, राज्य के बुनियादी ढांचे और वित्तीय स्थिति पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में पुल लगातार गिर रहे हैं, लेकिन सरकार में कोई इसे देखने वाला नहीं है। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार का खजाना खाली हो चुका है, जिसके कारण विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। अनंत सिंह पर दर्ज हुए हालिया मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार का तंत्र केवल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में लगा है। उन्होंने साफ कहा कि इन लोगों को विकास और जनसेवा से कोई सरोकार नहीं है। 

इसके साथ ही केरल विधानसभा चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने खुशी जाहिर की और कहा कि उनकी पार्टी ने पहली बार वहां तीन उम्मीदवार उतारे, जिनमें से एक ने जीत दर्ज की। उन्होंने उन आलोचकों को भी चुनौती दी जो उनके दौरों के बाद हार का दावा करते हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग ऐसी बातें कर रहे हैं, अगर उनमें हिम्मत है तो एक विधायक का चुनाव जीतकर दिखाएं। उन्होंने दोहराया कि लालू जी और उनके परिवार को केवल इसलिए निशाना बनाया जा रहा है ताकि आरएसएस के लोगों को खुश किया जा सके, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं और अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। 

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के मंत्री बनने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि कौन क्या बन रहा है, इससे जनता को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि अब कम से कम विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप तो नहीं लगेगा। वहीं, सरकार की स्थिरता पर सवाल खड़ा करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पिछले सात महीनों में बिहार ने दो-दो मुख्यमंत्री देख लिए, लेकिन सरकार का गठन अब तक नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान केवल सत्ता के समीकरण बिठाने पर है, न कि जनता के काम करने पर।

Web Title: Tejashwi Yadav took a jibe at the BJP's resounding victory in the West Bengal Assembly elections, declaring: "We will expose every conspiracy of the BJP"

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे