'तेजस्वी यादव भेड़ चराने वाले समाज से हैं, नित्यानंद राय हैं भगवान श्री कृष्ण के असली वंशज'- बिहार भाजपा के प्रवक्ता निखिल आनंद
By शिवेंद्र राय | Published: August 25, 2022 09:32 PM2022-08-25T21:32:57+5:302022-08-25T21:34:37+5:30
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बिना नाम लिए भाजपा नेता और सांसद नित्यानंद राय पर हमला बोला था। इसके जवाब में बिहार भाजपा के प्रवक्ता निखिल आनंद ने कहा कि तेजस्वी को यादव समाज की बात करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। तेजस्वी को यादव समाज की बात करने का हक नहीं है क्योंकि वो भेड़ चराने वाले समाज से हैं जबकि नित्यानंद राय गोपालक, गौवंशी और भगवान श्री कृष्ण के असली वंशज हैं।
पटना: बिहार में भाजपा और राजद के बीच चल रही सियासी बयानबाजी थमती महीं दिख रही है। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार के एक सांसद जो केंद्र में मंत्री हैं वो बिहार में महाराष्ट्र वाला खेला करना चाह रहे थे, वो ज्यादा ख्वाब ना देखें। दिल्ली वाले नहीं बचाएंगे। जो लोग खेला करना चाहते हैं उन्हें इतनी समझ होनी चाहिए कि ये बिहार है। तेजस्वी ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा नित्यानंद राय की तरफ था।
तेजस्वी के आरोपों का जवाब देते हुए बिहार भाजपा के प्रवक्ता निखिल आनंद ने कहा कि नित्यानंद राय असली गौपालक यादव हैं। निखिल आनंद ने कहा, "बिहार की जनता को पता है कि असली यादव कौन है। तेजस्वी भेड़ चराने वाले हैं और नित्यानंद राय गाय चराने वाले गौपालक और भगवान श्री कृष्ण के वंशज हैं।" भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री निखिल आनंद ने तेजस्वी यादव की चेतावनी को गीदड़ भभकी करार दिया।
निखिल आनंद ने कहा कि तेजस्वी हताश, निराश और परेशान हैं इसलिए बदहवासी में अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। निखिल आनंद ने कहा कि तेजस्वी पहले अपने गिरेबान में झांके। तेजस्वी को पता नहीं है कि वो किसे ठंडा करने की बात कर रहे हैं। तेजस्वी यादव पर आरेप लगाते हुए निखिल आनंद ने कहा कि वह गो हत्या का समर्थन करने वाले हैं। बिहार की जनता समझदार है और वह सब सच्चाई जानती है। आने वाले समय में बिहार की जनता जरूर तय करेगी यादव समाज का नेता कौन है और यादव समाज का असली बेटा कौन है।
"बिहार की जनता को पता है कि असली यादव कौन है। तेजस्वी भेड़ चराने वाले हैं और नित्यानंद राय गाय चराने वाले गौपालक और भगवान श्री कृष्ण के वंशज हैं।" -
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) August 25, 2022
: प्रदेश प्रवक्ता डॉ० @NikhilAnandBJPpic.twitter.com/1hCrpVebJg
निखिल ने कहा कि कसाई खाना खुलवाने वाले और गौ हत्या- गौमांस के प्रचारकों एवं शुभचिंतकों से यादव समाज के असली बेटे नित्यानंद राय को नसीहत की जरूरत नहीं है। तेजस्वी गीदड़ भभकी किसी दूसरे को दें क्योंकि कोई भी असली यादव का बेटा किसी फर्जी यादव की गीदड़ भभकी से नहीं डरता है।
बता दें कि बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव आज कल भाजपा पर हमलावर हैं। बिहार में बुधवार को सीबीआई की टीम ने राजद के कई नेताओं के ठिकाने पर छापेमारी की थी। सीबीआई ने गुरुग्राम में एक मॉल में भी छापेमारी की जिसे कथित रूप से तेजस्वी यादव का बताया जा रहा है। इसके बाद तेजस्वी ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला था। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। तेजस्वी ने कहा था कि जहां भाजपा सत्ता में नहीं होती वहां वह अपने तीन जमाई सीबीआई, ईडी और आईटी विभाग को आगे कर देती है ताकि विरोधियों को डराया-धमकाया जा सके।
बिहार के उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि बीजेपी का एक ही फार्मूला है कि जो डरेगा उसे डराओ जो नही डरेगा उसको खरीद लो। लेकिन हम लोग डरने वाले नही हैं, हम लोग बिहार के लोग हैं। दिल्ली वालों को बिहार अभी समझ मे नही आ रहा है।