तेजस्वी को लेकर साधू मामा की बड़ी भविष्यवाणी, कहा- वह कभी भी नहीं बन सकते हैं बिहार के मुख्यमंत्री
By एस पी सिन्हा | Published: January 4, 2022 05:39 PM2022-01-04T17:39:20+5:302022-01-04T17:44:45+5:30
साधु यादव ने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि वह बिहार की जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता इनको पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के बेरोजगार यात्रा का बिहार के युवाओं को कोई फायदा नहीं मिलने वाला है।
पटना:बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर उनके मामा साधु यादव ने एक बार फिर से हमला बोला है। साधु यादव ने तेजस्वी की बेरोजगारी हटाओ यात्रा को ड्रामा करार दिया है। जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाज सुधार अभियान यात्रा की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि जितना काम करना चाहिए था, मुख्यमंत्री कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
साधु यादव ने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि वह बिहार की जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता इनको पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के बेरोजगार यात्रा का बिहार के युवाओं को कोई फायदा नहीं मिलने वाला है। यह कोई यात्रा नहीं है, बल्कि जमीन पर कब्जा करने के लिए सिर्फ भ्रमण करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा जो भी बेरोजगार यात्रा की बात कर रहे हैं, वह लोग यह बताएं कि क्या वह बिहार में रोजगार लेकर चलेंगे? क्या वह रोजगार बांटेंगे? पीछे-पीछे रोजगार लेकर जाएंगे? साधु यादव ने लालू परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार की जनता को अंधकार में धकेलने का काम यह लोग करते हैं, इनमें कोई दम नहीं है।
जनता समझ चुकी है, यह लोग बेकार हैं, ऐसे लोगों से काम चलनेवाला नहीं है। लालू यादव शक्तिविहीन हो चुके हैं, इनके पास अब कोई शक्ति नहीं बची है।
साधु यादव ने तेजस्वी यादव को लेकर कहा कि वह कभी भी बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बन सकते हैं, इसलिए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनने का सपना छोड देना चाहिए।
उन्होंने इसके लिए बिहार के पुराने इतिहास का हवाला दिया है. साधु यादव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जिस घर में कोई मुख्यमंत्री रहा है, उनका कोई भी बच्चा मुख्यमंत्री नहीं बन पाया. दारोगा प्रसाद राय मुख्यमंत्री थे, उनका कोई बच्चा मुख्यमंत्री नहीं बन पाया, इसी तरह बीपी मंडल के बच्चे भी कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाए।
डॉ. जगन्नाथ मिश्रा, भागवत झा आजाद, सत्येंद्र प्रसाद सिंह, श्रीकृष्ण बाबू, भोला पासवान शास्त्री, चंद्रशेखर बाबू बांका वाले ऐसे कई नाम हैं, जो मुख्यमंत्री बने. लेकिन उनका कोई भी बच्चा मुख्यमंत्री नहीं बन सका. तेजस्वी यादव भी इससे अलग नहीं होंगे यह तय है। इस दौरान राजद की ए-टू-जेड की राजनीति करने की तेजस्वी की बात को भी साधु यादव ने नकारते हुए कहा ए-टू-जेड की बात न करें तो बेहतर है।
इन्होंने खुद ही यादव को छोड दिया, मुस्लिम को छोड दिया। अब बताएं कि किस मुंह से वह ए-टू-जेड की बात कर रहे हैं। यह उनकी नींव थी, लेकिन अब यही गिर गया है। बिना नींव के कोई चीज मजबूत नहीं होती है। किस नींव की बात कर रहे हैं, यह उन्हें बताना चाहिए। अंदर से यह पूरी तरह से खोखले हो चुके हैं। यह सिर्फ सरकार को नीचा दिखाना चाहते है।
इससे वह सिर्फ जनता को बांटकर बिहार का नुकसान कर रहे हैं। साधु यादव ने कहा कि जहां तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बात है तो वह जीतना काम कर चुके हैं और आगे भी करेंगे, लेकिन लालू परिवार और राजद के लोग जनता को भ्रमित कर रहे हैं। नौजवानों को भटकाने और गुमराह करने का काम कर रहे हैं, इनके बहकावे में जनता को नहीं आनी चाहिए।
साधु यादव ने कहा रोजगार बांटना का काम सरकार करती है। यह कहां से रोजगार बांटेगे? यह बताना चाहिए। इस क्रम में साधु यादव यह भी कह दिया कि ये लोग झूठ-मूठ का नौटंकी कर रहे हैं। यह पूरी तरह से फ्लाप यात्रा साबित होनेवाली है। इस यात्रा कभी पूरी भी नहीं हो पाएगा। यह सिर्फ अफसरों पर दबदबा बनाने के लिए कोशिश की जा रही है।
साधु यादव ने कहा कि अफसर लोगों को डराया जा रहा है कि हम सेंकेंड नंबर के पार्टी हैं और बिहार में मुख्यमंत्री बन जाएंगे, लेकिन इन्हें यह समझना चाहिए कि यहां मुख्यमंत्री के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाज सुधार यात्रा के जवाब में नेता प्रतिपक्ष बेरोजगारी यात्रा निकालने वाले हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाज सुधार अभियान यात्रा कर रहे हैं. 22 दिसंबर को पूर्वी चंपारण जिले से मुख्यमंत्री ने अपनी ‘समाज सुधार अभियान यात्रा’ की शुरुआत की थी। नीतीश कुमार को यात्रा शुरू किए 12 दिन बीत चुके हैं और इसका उद्देश्य शराब के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ दहेज और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को दूर करना है। आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार औरंगाबाद की जनता के बीच पहुंचे उन्हें संबोधित कर समाज में व्याप्त कुरीतियों के बारे में बताया।