महाराष्ट्र: महिला पत्रकार ने नहीं लगाई थी बिंदी तो संभाजी भिड़े ने इंटरव्यू देने से किया इनकार, कैमरे पर कैद हुआ पूरा वाकया
By विनीत कुमार | Published: November 3, 2022 02:30 PM2022-11-03T14:30:57+5:302022-11-03T14:45:42+5:30
संभाजी भिड़े ने बुधवार को एक महिला पत्रकार से इसलिए बात करने से इनकार कर दिया क्योंकि उसने बिंदी नहीं पहनी थी। अब राज्य महिला आयोग ने संभाजी भिड़े को नोटिस भेजा है।
मुंबई: महाराष्ट्र के दक्षिणपंथी नेता संभाजी भिड़े एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। उन्होंने बुधवार को एक महिला पत्रकार से केवल इसलिए बात करने से इनकार कर दिया क्योंकि उसने अपने माथे पर बिंदी नहीं लगाई थी। कैमरे में कैद हुआ यह पूरा वाकया दक्षिण मुंबई में मंत्रालय (राज्य सचिवालय) में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात के बाद हुआ। मामला सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग ने संभाजी भिड़े को नोटिस भी जारी कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि संभाजी भिड़े की एकनाथ शिंदे से मुलाकात के बाद एक महिला टीवी पत्रकार उनसे बाइट लेने की कोशिश करती है। हालांकि संभाजी भिड़े सवालों का जवाब देने की बजाय महिला रिपोर्टर को यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि वह आने से पहले एक 'बिंदी' लगा लें। ये कहते हुए वे महिला पत्रकार से बात करने से इनकार करके आगे बढ़ जाते हैं।
शर्मनाक!
— sohit mishra (@sohitmishra99) November 2, 2022
शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान के संभाजी भिड़े ने @saamTVnews के एक महिला पत्रकार को कहा की तुमने बिंदी नहीं लगाया, इसलिए मैं तुमसे बात नहीं करूंगा! क्या यही है महिला सम्मान?
आज मुख्यमंत्री @mieknathshinde से मिलने संभाजी भिड़े पहुंचे थे,प्रधानमंत्री मोदी से भी मिल चुके हैं! pic.twitter.com/TcMkOpG8y2
संभाजी भि़ड़े पत्रकार से यह कहते हैं कि एक महिला भारत माता के समान होती है और उसे बिंदी नहीं लगाकर 'विधवा' की तरह नहीं पेश नहीं होना चाहिए। बहरहाल, इस व्यवहार के लिए महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने दक्षिणपंथी नेता को नोटिस जारी कर उनकी टिप्पणी के लिए स्पष्टीकरण मांगा है।