निकाय चुनाव परिणाम के बाद अखिलेश यादव बोले- भाजपा ने अधिकारियों को भी अपनी पार्टी का सदस्य बना लिया है

By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: May 14, 2023 09:02 PM2023-05-14T21:02:50+5:302023-05-14T21:04:52+5:30

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा पर मतदाताओं को वोट देने से रोकने और अन्य तमाम तरह की धांधली करने का आरोप लगाया और कहा कि यह चुनाव जीतने के लिए भाजपा जो हथकंडे अपना सकती थी वह अपनाये।

Samajwadi Party President Akhilesh Yadav accused of rigging in civic elections | निकाय चुनाव परिणाम के बाद अखिलेश यादव बोले- भाजपा ने अधिकारियों को भी अपनी पार्टी का सदस्य बना लिया है

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Highlightsकर्नाटक चुनावों के परिणाम पर अखिलेश यादव का बयानकहा- हार के बाद भाजपा की उल्टी गिनती शुरूनिकाय चुनाव में धांधली का आरोप लगाया

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की पराजय को उसकी 'उल्टी गिनती' की शुरुआत करार दिया है। रविवार को एटा में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, "कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में तमाम जोर लगाने के बावजूद भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। यह भाजपा के लिए उल्टी गिनती की शुरुआत का संकेत है।"

गौरतलब है कि शनिवार को आए कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने राज्य में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। अखिलेश यादव ने शनिवार को ही संपन्न उत्तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा पर मतदाताओं को वोट देने से रोकने और अन्य तमाम तरह की धांधली करने का आरोप लगाया और कहा कि यह चुनाव जीतने के लिए भाजपा जो हथकंडे अपना सकती थी वह अपनाये।

उन्होंने अधिकारियों पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, "भाजपा ने अधिकारियों को भी अपनी पार्टी का सदस्य बना लिया है। जो भाजपा कहती है वही कानून की तरह माना जाता है। यह चुनाव लूट का चुनाव था और इसी का ही परिणाम आपको दिखाई दे रहा है। भाजपा के लोग भले ही जीत गए हों लेकिन चेहरे से वो खुशी नहीं दिखाई दे रही है।" 

सपा प्रमुख ने कहा, "भाजपा को सिर्फ जीत से मतलब है। चाहे लोकतंत्र और कानून खत्म हो जाए। उसे किसी की परवाह नहीं है। प्रदेश में अब लोकतंत्र नहीं बचा,आजादी नहीं है। इस सरकार में ऊपर से नीचे तक बैठे लोग झूठ और प्रोपोगंडा के अलावा कुछ नहीं कर रहे हैं।" 

बता दें कि निकाय चुनाव के लिए दो चरणों में चार मई व 11 मई को मतदान हुआ था। नगर निगमों में ईवीएम व नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में मतपत्रों के जरिए मतदान कराया गया था। 13 मई को मतगणना हुई जिसमें निगम की सभी 17 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। सपा और बसपा को नगर निगम की एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली।

Web Title: Samajwadi Party President Akhilesh Yadav accused of rigging in civic elections

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे