Republic Day 2022: गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट, 20 हजार से ज्यादा फोर्स तैनात
By रुस्तम राणा | Published: January 23, 2022 03:14 PM2022-01-23T15:14:49+5:302022-01-23T15:14:49+5:30
दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थान ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर 2 महीने से आतंकवाद विरोधी गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।
नई दिल्ली:गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के राजपथ पर होने वाली परेड देश और दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करती है। 26 जनवरी पर हर साल होने वाली यह परेड कड़ी सुरक्षा के बीच की जाती है। इस बार भी गणतंत्र दिवस की परेड की सुरक्षा के चाक-चौबंद के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आतंकी गतिविधियों पर रखी जा रही है कड़ी नजर
रविवार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थान ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर 2 महीने से आतंकवाद विरोधी गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। हमेशा की तरह दिल्ली टारगेट के रूप में रहता है। इसे लेकर हम इस बार भी अलर्ट हैं। शहर में नाका बंदी, वाहनों की जांच, होटलों की जांच और वैरिफिकेशन की जा रही है।
दिल्ली में 20 हजार से ज़्यादा फोर्स तैनात
उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली में 20,000 से ज़्यादा फोर्स तैनात हैं, जिनमें उच्च स्तर से निचले स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस कमीश्नर बताया कि केंद्रीय सुरक्षाबलों की 65 कंपनी तैनात रहेंगी। शहर से बाहर जाने वाले रास्ते पर निगरानी है। दूसरी एजेंसी की भी मदद ली गई है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से लोगों को जागरुक किया गया है।
20,000 से ज़्यादा फोर्स हैं,जिनमें उच्च स्तर से निचले स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं। CAPF की 65 कंपनी तैनात रहेंगी। शहर से बाहर जाने वाले रास्ते पर निगरानी है। दूसरी एजेंसी की भी मदद ली गई है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से लोगों को जागरुक किया गया है: राकेश अस्थाना,पुलिस आयुक्त, दिल्ली https://t.co/98SmHoP4hC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 23, 2022
परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की 8 टुकड़ियां होंगी शामिल
इस बार गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की 8 टुकड़ियां शामिल होंगी, जिसमें थल सेना की 6 टुकड़ियां, वायु सेना और नौसेना की एक-एक टुकड़ी शामिल होगी। पैराशूट रेजिमेंट की टुकड़ी नवीनतम टैवर राइफलों के साथ नई लड़ाकू वर्दी पहनेगी। मेजर जनरल आलोक कक्कड़ ने रविवार को इसकी जानकारी दी।