पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार होंगे चुनाव आयुक्त, अशोक लवासा की लेंगे जगह
By स्वाति सिंह | Published: August 22, 2020 01:05 AM2020-08-22T01:05:01+5:302020-08-22T01:05:01+5:30
राजीव कुमार की नियुक्ति के संबंध में कानून एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग ने शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी किया। बता दें कि लवासा 31 अगस्त को अपने कार्यभार से मुक्त होंगे।
नई दिल्ली: पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार को नया चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह अशोक लवासा की जगह लेंगे। अशोक लवासा ने 18 अगस्त को चुनाव आयुक्त के पद से इस्तीफा दिया था। राजीव कुमार की नियुक्ति के संबंध में कानून एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग ने शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी किया।
बता दें कि लवासा 31 अगस्त को अपने कार्यभार से मुक्त होंगे। अशोक लवासा एशियाई विकास बैंक (ADB) में उपाध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।
जानें कौन है राजीव कुमार
राजीव कुमार 1984 बैच के झारखंड कैडर के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने पिछले साल जुलाई महीने में वित्त सचिव का कार्यभार संभाला था और इस साल मार्च तक इस पद पर थे। उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी की महात्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जन धन योजना और मुद्रा ऋण योजना जैसी प्रमुख योजनाओं में अहम भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है।
Rajiv Kumar who has been appointed as the Election Commissioner will take charge of office on September 1. https://t.co/IbYOWuRBLe
— ANI (@ANI) August 21, 2020
विधि मंत्रालय ने अधिसूचना में कहा, "राष्ट्रपति चुनाव आयुक्त के पद पर राजीव कुमार की नियुक्ति से खुश हैं। चुनाव आयुक्त के रूप में उनकी नियुक्ति उसी समय से प्रभावी होगी जब अशोक लवासा का इस्तीफा प्रभावी होगा।"
बता दें कि सुनील अरोड़ा भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। अशोक लवासा के अलावा दूसरे चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा हैं। कुमार 10 दिन बाद इन वरिष्ठ अधिकारियों की टीम का हिस्सा बनेंगे।