राजस्थान: सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के 12 श्रद्धालुओं की मौत

By भाषा | Published: August 31, 2021 04:53 PM2021-08-31T16:53:56+5:302021-08-31T16:53:56+5:30

Rajasthan: 12 pilgrims from Madhya Pradesh killed in road accident | राजस्थान: सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के 12 श्रद्धालुओं की मौत

राजस्थान: सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के 12 श्रद्धालुओं की मौत

राजस्थान के नागौर जिले में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।पुलिस के अनुसार बीकानेर-जोधपुर राजमार्ग पर श्रीबालाजी मंदिर के पास यह हादसा एक यात्री वाहन (एमयूवी) व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। मृतकों में आठ महिलायें व दो बच्चे (एक लड़का व एक लड़की) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये लोग मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि एमयूवी में सवार लोग रामदेवरा व करणी माता मंदिर के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि हादसा सुबह सात बजे घटा। आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि चार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि संभवत: तेज गति के कारण यह हादसा हुआ।अधिकारियों के अनुसार मध्य प्रदेश से श्रद्धालुओं के दो वाहन राजस्थान आए हुए थे। इनमें सवार यात्रियों ने सुबह सड़क किनारे एक ढाबे में चाय पी। इसके बाद उन्होंने आगे की यात्रा शुरू की। इसी दौरान एक वाहन पीछे रह गया तो उसके चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और इसी दौरान वह वाहन हादसे का शिकार हो गया। टक्कर से हुई जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और मदद की।श्रीबालाजी पुलिस थाने के थानाधिकारी लालचंद मीणा ने कहा कि मृतकों के नाम व अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों में आठ महिलाएं, दो पुरुष, दो बच्चे (एक लड़की व एक लड़का) शामिल हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां और नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल आदि ने हादसे पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताते हुए कहा, ‘‘राजस्थान के नागौर में हुआ भीषण सड़क हादसा अत्यंत दु:खद है। जिन लोगों को इस दुर्घटना में जान गंवानी पड़ी, मैं उन सभी के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।'’ प्रधानमंत्री कार्यालय के ट्वीट के अनुसार, ‘‘प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता पीएमएनआरएफ से मंजूर की है। घायलों को 50 -50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।'’ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर शोक जताया है। गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘नागौर के श्रीबालाजी क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश लौट रहे 11 दर्शनार्थियों की मृत्यु अत्यंत दु:खद है।'’ गहलोत ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Rajasthan: 12 pilgrims from Madhya Pradesh killed in road accident

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे