राफेल डील: BJP नेताओं ने किया राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए

By भाषा | Published: December 19, 2018 03:16 PM2018-12-19T15:16:02+5:302018-12-19T15:16:02+5:30

प्रदर्शनकारियों ने अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की लेकिन पुलिस के एक बैरीकेड पर उन्हें रोक दिया गया। बाद में उन्हें हिरासत में लेकर संसद मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया।

Rafael Deal: BJP leaders protest against Rahul Gandhi, detained | राफेल डील: BJP नेताओं ने किया राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए

राफेल डील: BJP नेताओं ने किया राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए

कांग्रेस मुख्यालय के पास राहुल गांधी के खिलाफ प्रर्दशन कर रहे, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बुधवार को हिरासत में ले लिया गया। इन प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राहुल गांधी राफेल सौदे पर “झूठ” फैला रहे हैं।

प्रदर्शनकारी यहां विज्ञान भवन में एकत्रित हुए और कांग्रेस एवं उसके अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस और गांधी फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों के सौदे में कथित “घोटाले” को लेकर मोदी सरकार पर लगातार तीखा हमला बोलते आ रहे हैं।

तिवारी ने प्रदर्शन के दौरान कहा, “हम कांग्रेस और उसके अध्यक्ष राहुल गांधी के झूठ को उजागर करने के लिए यहां आए हैं जो राफेल सौदे पर लगातार झूठ फैला रहे हैं।”

प्रदर्शनकारियों ने अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की लेकिन पुलिस के एक बैरीकेड पर उन्हें रोक दिया गया। बाद में उन्हें हिरासत में लेकर संसद मार्ग पुलिस थाने ले जाया गया।

प्रदेश भाजपा के जिलाध्यक्षों ने मंगलवार को राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन पत्र शहर के संबंधित जिला अधिकारियों को सौंपा था।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “उच्चतम न्यायालय द्वारा राफेल सौदे को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर देने के बाद भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपना झूठा प्रचार-प्रसार जारी रखा है जो न सिर्फ प्रधानमंत्री का अपमान है बल्कि देश के सैन्य बलों को हतोत्साहित करने वाला भी है।”

सौदे पर उच्चतम न्यायालय के फैसले के बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को इस बात पर कायम रहे कि सौदे में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।

Web Title: Rafael Deal: BJP leaders protest against Rahul Gandhi, detained

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे