Punjab Election 2022: पंजाब की 65 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी BJP, जेपी नड्डा का ऐलान, अमरिंदर सिंह 37 सीट पर लड़ेंगे
By सतीश कुमार सिंह | Published: January 24, 2022 03:58 PM2022-01-24T15:58:39+5:302022-01-24T17:18:39+5:30
Punjab Election 2022: भाजपा 65 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी जबकि पंजाब लोक कांग्रेस 37 और शिअद (संयुक्त) 15 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारेगी।
Punjab Election 2022: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों और शिअद-संयुक्त प्रमुख 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। पंजाब लोक कांग्रेस का गठन पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। पार्टी की इस सूची में किसान परिवारों के 12 नेताओं, 13 सिखों और आठ दलितों को टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और भाजपा महासचिव व पंजाब के प्रभारी दुष्यंत गौतम और महासचिव तरुण चुघ ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
#PunjabPolls | BJP will contest election on 65 seats, Punjab Lok Congress chief on 37 seats & SAD-Sanyukt Chief will contest election on 15 seats: BJP president JP Nadda pic.twitter.com/yRoGGIMyqZ
— ANI (@ANI) January 24, 2022
भाजपा इस बार राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाले पंजाब लोक कांग्रेस और पूर्व केंद्रीय मत्री सुखदेव सिंह ढींढसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है और कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को सत्ता से बेदखल करने की कोशिशों में जुटी है।
NDA under the leadership of PM Narendra Modi is committed to restoring the glory of Punjab and the welfare of farmers, poor and deprived, tweets Union Home Minister Amit Shah
— ANI (@ANI) January 24, 2022
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में 20 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजितपाल सिंह को नकोदर से प्रत्याशी बनाया गया है।
पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ रहे अमरिंदर ने कहा, ‘‘हमने जीत की संभावना पर ध्यान केंद्रित करने के साथ-साथ सभी क्षेत्रों और समाज के अलग-अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए अच्छे उम्मीदवार उतारे हैं।’’ उन्होंने बताया कि पीएलसी 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है।