अजित और शरद पवार के ‘गढ़’ पुणे में 90 सीट पर आगे भाजपा, एनसीपी 20 और कांग्रेस 10 पर बनाई बढ़त
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 16, 2026 17:47 IST2026-01-16T17:44:04+5:302026-01-16T17:47:03+5:30
महानगरपालिका के चुनाव विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक भाजपा पुणे में 29 चुनावी वार्ड में जीत दर्ज कर चुकी हैं जबकि 61 अन्य वार्ड में बढ़त बनाए हुए है।

file photo
पुणेः महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह शुरू हुई मतगणना के अबतक मिले नतीजों और रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने, उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष अजित पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष और उनके चाचा शरद पवार के ‘गढ़’ मानी जाने वाली पुणे और पिंपरी चिंचवड महानगरपालिकाओं में बढ़त बना ली है। महानगरपालिका के चुनाव विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक भाजपा पुणे में 29 चुनावी वार्ड में जीत दर्ज कर चुकी हैं जबकि 61 अन्य वार्ड में बढ़त बनाए हुए है।
पुणे महानगरपालिका के 165 सदस्यीय सदन में राकांपा और राकांपा (शप) क्रमशः तीन और दो सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर हैं। रुझानों के मुताबिक राकंपा सात वार्ड में और राकांपा (शप) एक वार्ड में आगे चल रही है। पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका के 128 सदस्यीय सदन में भाजपा 81 सीट पर आगे चल रही है, जबकि राकांपा 36 सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
राज्य में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ में भाजपा की सहयोगी होने के बावजूद, राकांपा ने दो साल पहले हुए विभाजन के बाद पुणे और पिंपरी चिंचवड में राकांपा (शप) के साथ मिलकर दोनों नगर निकायों में चुनाव लड़ा था। आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस ने पुणे महानगरपालिका में तीन सीट जीती हैं और नौ सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही शिवसेना (उबाठा) का अब तक खाता भी नहीं खुला है। ‘महायुति’ में घटक उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी यहां अकेले मैदान में उतरी है। भाजपा ने 2017 से 2022 तक पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निकायों में अकेले सत्ता संभाली थी।
बाद में, आरक्षण मुद्दे को लेकर उच्चतम न्यायालय द्वारा नगर निकाय चुनावों पर रोक लगाए के बाद हुई देरी के कारण इन निकायों का नियंत्रण प्रशासक के पास रहा। पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र में भाजपा कोल्हापुर, सातारा, सोलापुर और सांगली नगर निकायों में भी बढ़त बनाए हुए है। पुणे और पिंपरी चिंचवड में चुनाव प्रचार के दौरान उपमुख्यमंत्री अजित पवार और भाजपा के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई।
अजित पवार ने दोनों नगर निकायों के कामकाज में कथित अनियमितताओं को लेकर स्थानीय भाजपा नेतृत्व को निशाना बनाया था। दोपहर 12 बजे के रुझानों के मुताबिक भाजपा 102 सदस्यीय सोलापुर नगर निगम में 60 वार्ड में आगे है।
कोल्हापुर महानगरपालिका के 81 सदस्यीय सदन में महायुति के सहयोगी दल- भाजपा, शिवसेना और राकांपा- 25 सीट पर आगे हैं, जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी 21 वार्ड में आगे है। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनाव कई वर्षों के अंतराल के बाद कराए गए जबकि इनमें से अधिकतर के कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में जीत के लिए फडणवीस-शिंदे को बधाई, ‘महायुति’ सरकार होगी मजबूत : गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में बीएमसी सहित 29 निकायों के चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की बढ़त के रुझानों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
गडकरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र की प्रगति की यात्रा को और भी अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना के शानदान प्रदर्शन के लिए फडणवीस, शिंदे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। गडकरी ने कहा कि वह राज्य की जनता के प्रति आभारी हैं, जिन्होंने विकास को प्राथमिकता देते हुए भाजपा नीत महायुति पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि यह जीत महायुति सरकार को और भी अधिक गति प्रदान करेगी, जो विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है। गडकरी ने कहा, “मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र की प्रगति की यात्रा को और भी अधिक मजबूती मिलेगी।” महाराष्ट्र में 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार को हुआ था। वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह शुरू हुई, जो खबर लिखे जाने तक जारी थी।