इंटरनेट और कॉल रेट बढ़ने पर प्रियंका का मोदी सरकार पर हमला, कहा- BJP अपने अमीर दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए काट रही गरीबों की जेब
By भाषा | Updated: December 2, 2019 12:05 IST2019-12-02T12:04:46+5:302019-12-02T12:05:30+5:30
गांधी ने ट्वीट किया, '' भाजपा पिछले 6 सालों से मोबाइल इंटरनेट और कॉल सस्ता करने की डींगें हाँकती थी। अब इसकी भी हवा निकल गई।''

इंटरनेट और कॉल रेट बढ़ने पर प्रियंका का मोदी सरकार पर हमला, कहा- BJP अपने अमीर दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए काट रही गरीबों की जेब
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने निजी क्षेत्र की प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों की इंटरनेट एवं कॉल की दर बढ़ने को लेकर सोमवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ''भाजपा अपने अमीर दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए गरीबों की जेब काट रही है।''
गांधी ने ट्वीट किया, '' भाजपा पिछले 6 सालों से मोबाइल इंटरनेट और कॉल सस्ता करने की डींगें हाँकती थी। अब इसकी भी हवा निकल गई।'' प्रियंका ने दावा किया, '' भाजपा ने बीएसएनएल और एमटीएनएल को कमजोर किया और बाकी कंपनियों के लिए कॉल और डेटा महँगा करने का रास्ता खोला।''
उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा अपने अमीर दोस्तों को फायदा पहुँचाने के लिए लगातार जनता की जेब काट रही है। ''
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हैदराबाद में एक युवती और उत्तर प्रदेश के संभल में एक किशोरी के साथ बलात्कार एवं हत्या की निर्मम घटनाओं को लेकर आक्रोश प्रकट करते हुए शनिवार को कहा था कि अब बातें करने की बजाय कदम उठाने होंगे।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ''हैदराबाद और संभल में बलात्कार एवं हत्या की घटनाओं से बहुत दुखी हूं। अपना आक्रोश प्रकट करने के लिए मेरे पास कोई शब्द नहीं है।" प्रियंका ने कहा कि एक समाज के तौर पर हमें ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बोलने से ज्यादा बहुत कुछ करना होगा।