नक्सल प्रभावित कांकेर में मतदान कर्मचारी को ड्यूटी के दौरान पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल ले जाते वक्त मौत
By भाषा | Published: April 18, 2019 11:58 AM2019-04-18T11:58:38+5:302019-04-18T11:58:38+5:30
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज राज्य के नक्सल प्रभावित कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान जारी है।
कांकेर, 18 अप्रैल: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में बृहस्पतिवार को मतदान ड्यूटी के दौरान सहायक शिक्षक की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई है। कांकेर जिले के निर्वाचन अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जिले के कामता मतदान केंद्र में तैनात सहायक शिक्षक तुकालु राम नरेटी की आज दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि शासकीय शिक्षक नरेटी की ड्यूटी आज कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगाई गई थी। आज सुबह छह बजे मतदान शुरू होने से पहले नरेटी ने सीने में दर्द की शिकायत की और बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। घटना के तत्काल बाद वहां मौजूद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि नरेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उनके स्थान पर अन्य मतदान कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज राज्य के नक्सल प्रभावित कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान जारी है।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 11 राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 95 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। दूसरे चरण में 95 सीटों पर 15.8 करोड़ मतदाता कुल 1635 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। लोकसभा की 543 सीटों के लिये सात चरणों में चुनाव होना है। मतगणना 23 मई को होगी।