परभणी महानगर पालिकाः वेंकट दहाले को 4312 वोट और प्रसाद नागरे को 4311 मत, उद्धव बालासाहेब ठाकरे के प्रत्याशी 1 वोट से जीते
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 18, 2026 20:53 IST2026-01-18T20:52:42+5:302026-01-18T20:53:30+5:30
Parbhani Municipal Corporation: परभणी, मराठवाड़ा की एकमात्र महानगर पालिका है, जहां शिवसेना (उबाठा) ने भाजपा से अधिक सीट हासिल कीं जबकि सत्तारूढ़ दल का राज्य भर में चुनावी प्रदर्शन शानदार रहा।

file photo
छत्रपति संभाजीनगरः महाराष्ट्र के परभणी महानगर पालिका के वार्ड 1ए में बेहद करीबी चुनावी मुकाबले में शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा) के उम्मीदवार ने सिर्फ एक वोट के अंतर से जीत हासिल की। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के वेंकट दहाले को 4312 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी प्रसाद नागरे को 4311 मत हासिल हुए। उन्होंने बताया कि शिवसेना के उम्मीदवार मोहन सोनवणे को वार्ड में 1363 मत मिले, जबकि 113 मतदाताओं ने ‘उपरोक्त में से कोई नहीं’ (नोटा) का विकल्प चुना।
परभणी, मराठवाड़ा की एकमात्र महानगर पालिका है, जहां शिवसेना (उबाठा) ने भाजपा से अधिक सीट हासिल कीं जबकि सत्तारूढ़ दल का राज्य भर में चुनावी प्रदर्शन शानदार रहा। परभणी में शिवसेना (उबाठा) ने 25 सीट पर जीत हासिल की जबकि भाजपा को 12 सीट से संतोष करना पड़ा।
महाराष्ट्र की 29 महानगर पालिकाओं के लिए 15 जनवरी को मतदान हुआ था, जिनके नतीजे एक दिन बाद घोषित किए गए। राज्यव्यापी अंतिम मतगणना के अनुसार, भाजपा ने 29 महानगर पालिकाओं की कुल 2,869 सीट में से 1,425 पर जीत हासिल की जबकि शिवसेना (उबाठा) को 155 सीट पर विजय प्राप्त हुई।