नागालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव के लिए आज हो रहा मतदान, किन पार्टियों के बीच मुकाबला, कितने उम्मीदवार मैदान में? जानिए सबकुछ

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 27, 2023 10:34 AM2023-02-27T10:34:45+5:302023-02-27T10:53:17+5:30

नागालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान कराए जा रहे हैं। नागालैंड में कई जगहों पर बड़ी संख्या में मतदाता वोट देने के लिए पहुंचे हैं। त्रिपुरा समेत दोनों राज्यों के चुनाव के नतीजे 2 मार्च को आएंगे।

Nagaland and Meghalaya assembly elections voting today, which parties are in fight, how many candidates in fray, know everything | नागालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव के लिए आज हो रहा मतदान, किन पार्टियों के बीच मुकाबला, कितने उम्मीदवार मैदान में? जानिए सबकुछ

नागालैंड में बड़ी संख्या में वोट देने के लिए निकले मतदाता (फोटो- एएनआई)

नई दिल्ली: पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहे हैं। दोनों ही राज्यों में 60 विधानसभा सीटें हैं और 59-59 सीटों के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दोनों राज्यों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ।

नागालैंड में 59 सीटों पर मतदान

नगालैंड में 13 लाख से अधिक मतदाता हैं। वहीं 60 सदस्यीय विधानसभा की 59 सीटों के लिए चार महिलाओं व 19 निर्दलीय समेत 183 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। दरअसल, जुन्हेबोटो जिले में आकुलुटो सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं निर्वतमान विधायक काजहेटो किन्मी पहले ही निर्विरोध विजय घोषित कर दिए गए हैं। मतदान शाम चार बजे तक होगा। मतों की गिनती दो मार्च को होगी। 

नागालैंड: क्या है राजनीतिक समीकरण? 

सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और भाजपा सीटों की साझेदारी के तहत क्रमश: 40 और 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं 2003 तक राज्य में शासन करने वाली कांग्रेस ने 23 उम्मीदवार उतारे हैं। एनडीपीपी ने 2018 में इस पूर्वोत्तर राज्य में भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनायी थी। उसे जनता दल (यूनाइटेड) और एक निर्दलीय प्रत्याशी का भी समर्थन मिला था। 

एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन इस चुनाव में दूसरे कार्यकाल के लिए जद्दोजहद कर रहा है। मतदाताओं में 6,47,523 पुरुष और 6,49,876 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 2,291 केंद्र बनाए गए हैं। 

मेघालय में 369 उम्मीदवार मैदान में

मेघालय में विधानसभा के लिए सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। राज्य की 60 में से 59 सीट पर चुनाव हो रहे हैं। उम्मीदवारों में से एक के निधन के कारण सोहियोनग निर्वाचन क्षेत्र में मतदान को स्थगित कर दिया गया है। चुनाव में कुल 369 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। राज्य में कुल 21.6 लाख मतदाता हैं। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा और मतगणना दो मार्च को होगी। 

मेघालय में किन पार्टियों में है मुकाबला

सत्तारुढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) सत्ता में बने रहने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) तथा अन्य क्षेत्रीय दल सत्ता में आने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। राज्य में 3,419 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। इनमें से 640 मतदान केंद्रों की पहचान ‘संवेदनशील’ और 323 की ‘चुनौतीपूर्ण’ केंद्रों के तौर पर की गई है। कुल 369 उम्मीदवारों में से 36 महिलाएं हैं, जिनमें से सबसे अधिक 10 महिला उम्मीदवार कांग्रेस की हैं। 

मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा दक्षिण तुरा विधानसभा सीट से मैदान में हैं। विपक्ष के नेता एवं तृणमूल के मुकुल संगमा दो सीट सोंग्सक और तिक्रिकिल्ला से चुनाव लड़ रहे हैं। सत्तारूढ़ एनपीपी ने 56 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस और भाजपा 59 सीट पर चुनाव लड़ रही है जबकि तृणमूल कांग्रेस ने 58 सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीएफ) के 46 उम्मीदवार मैदान में हैं।

Web Title: Nagaland and Meghalaya assembly elections voting today, which parties are in fight, how many candidates in fray, know everything

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे