मुंबई: युद्धपोत INS रणवीर में धमाका, नौसेना के तीन जवान शहीद, ‘बोर्ड ऑफ इंक्वायरी’ का आदेश
By सतीश कुमार सिंह | Published: January 18, 2022 09:49 PM2022-01-18T21:49:22+5:302022-01-18T22:15:39+5:30
नौसेना ने कहा कि इस घटना के कारणों की जांच के लिए एक ‘बोर्ड ऑफ इंक्वायरी’ का आदेश दिया गया है।
मुंबईः आईएनएस रणवीर में धमाका हो गया। मुंबई में नौसैन्य डॉकयार्ड में भारतीय नौसेना के जहाज (आईएनएस) रणवीर में मंगलवार को हुए विस्फोट में नौसेना के तीन कर्मी शहीद हो गए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
नेवल डॉकयार्ड मुंबई में आज एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। जहाज के चालक दल ने तुरंत प्रतिक्रिया करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया। कोई बड़ी सामग्री क्षति नहीं हुई है। भारतीय नौसेना के अधिकारी ने कहा कि आईएनएस रणवीर पूर्वी नौसेना कमान से क्रॉस कोस्ट ऑपरेशनल तैनाती पर था और जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। जांच के लिए एक बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया गया है।
INS Ranvir was on cross coast operational deployment from the Eastern Naval Command and was due to return to base port shortly. A Board of inquiry has been ordered to investigate into the cause: Indian Navy officials
— ANI (@ANI) January 18, 2022
भारतीय नौसेना ने बयान में कहा, "मुंबई नौसैन्य डॉकयार्ड में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, आईएनएस रणवीर के एक आंतरिक कक्ष में विस्फोट के कारण नौसेना के तीन कर्मी शहीद हो गए।" इसमें कहा गया कि जहाज के चालक दल ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और जल्दी ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
बयान में कहा गया है कि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। बयान में उल्लेख किया गया, "आईएनएस रणवीर नवंबर 2021 से पूर्वी नौसैन्य कमान से क्रॉस कोस्ट अभियान तैनाती पर था और जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था।" नौसेना ने कहा कि इस घटना के कारणों की जांच के लिए एक ‘बोर्ड ऑफ इंक्वायरी’ का आदेश दिया गया है।