मध्य प्रदेशः मतगणना के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत!
By आदित्य द्विवेदी | Updated: May 23, 2019 13:14 IST2019-05-23T13:14:45+5:302019-05-23T13:14:45+5:30
एक तरफ कांग्रेस पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ रहा है दूसरी तरफ उनके जिलाध्यक्ष का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

रतन सिंह ठाकुर (फाइल फोटो)
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर मतगणना जारी है। इस बीच सीहोर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दोहरा झटका लगा। एक तरफ उनकी पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ रहा है दूसरी तरफ उनके जिलाध्यक्ष का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
सीहोर जिले में मतगणना के दौरान कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर को दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। इसके बाद उन्हें भोपाल के चिरायु अस्पताल ले जाया गया लेकिन तबतक उनकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ेंः- MP Election Results 2019 Updates: मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर बीजेपी आगे
मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव की मतगणना में दोपहर 12 बजे तक मिले रुझान के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘‘प्रचंड मोदी लहर’’ दिखाई दे रही है। प्रदेश में कुल 29 सीटों में से 28 पर भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं जबकि कांग्रेस प्रत्याशी केवल एक छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर ही आगे चल रहा है। प्रदेश की 17 लोकसभा सीटों की मतगणना में भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त का अंतर एक लाख से अधिक मतों का चल रहा है।
राजगढ़, होशंगाबाद और इन्दौर में भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त दो लाख मतों से अधिक हो गयी है। भोपाल से भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह कांग्रेस के दिग्विजय सिंह से 69 हजार से अधिक मतों से बढ़त बनाये हुए हैं। वहीं गुना लोकसभा सीट से कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा के केपी यादव से 50 हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस केवल एक सीट छिंदवाड़ा पर आगे चल रही है। यहां मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ भाजपा के नत्थनशाह कवरेती से 34 हजार से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।