मध्य प्रदेश: CAA के समर्थन में बिना अनुमति रैली निकालने पर भाजपा नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज
By भाषा | Updated: January 11, 2020 23:10 IST2020-01-11T23:10:38+5:302020-01-11T23:10:38+5:30
मध्य प्रदेश के खंडवा में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में बिना अनुमति रैली निकालने के लिए पुलिस ने खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान और जिले के तीन भाजपा विधायकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बीजेपी का झंडा। (फाइल फोटो)
मध्य प्रदेश के खंडवा में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में बिना अनुमति रैली निकालने के लिए पुलिस ने खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान और जिले के तीन भाजपा विधायकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह ने बताया कि सांसद चौहान, भाजपा के तीन विधायकों विजय शाह (हरसूद), देवेन्द्र वर्मा (खंडवा) और राम डांगोरे (पंधाना) सहित 22 नामजद लोगों के खिलाफ भादवि की धारा 188 और धारा 144 के तहत निषेधात्मक आदेशों के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिंह ने बताया कि इस रैली की अनुमति नहीं दी गई थी क्योंकि जिले में धारा 144 के तहत निषेधात्मक आदेश लागू थे। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने रैली की वीडियोग्राफी कराई थी और लोगों की पहचान वीडियो के आधार पर की गई है। प्रशासन की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा विधायक विजय शाह ने कहा कि सीएए पर जनता के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर कांग्रेस सरकार की यह कार्रवाई तानाशाही है।
उन्होंने कहा कि रैली में शामिल लोग शांतिपूर्वक संवैधानिक कानून का समर्थन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली को अनुमति देने के बजाय प्रशासन ने निषेधात्मक आदेश लागू कर दिये।