जम्मू-कश्मीर: राहुल को मिला महबूबा का साथ, अवंतीपोरा से शुरू हुई 'भारत जोड़ो यात्रा'
By भाषा | Published: January 28, 2023 10:39 AM2023-01-28T10:39:26+5:302023-01-28T10:51:38+5:30
गौरतलब है कि पदयात्रा में आज प्रियंका गांधी वाड्रा भी भाई के साथ शामिल होंगी। कांग्रेस की ओर से सूचना दी गई है कि शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा में अवंतीपोरा के चरसू में प्रियंका गांधी शामिल हो सकती है।

(photo credit: ANI twitter)
श्रीनगर: राहुल गांधी के नेतृत्व में शनिवार को अवंतिपोरा से 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू हुई है। आज पदयात्रा में राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी शामिल हुई हैं। इस दौरान राहुल गांधी के साथ कदमताल करती हुई महबूबा मुफ्ती नजर आईं। पदयात्रा में आज बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम शामिल हुआ है। भारी भीड़ के बीच यात्रा आगे बढ़ रही है।
गौरतलब है कि पदयात्रा में आज प्रियंका गांधी वाड्रा भी भाई के साथ शामिल होंगी। कांग्रेस की ओर से सूचना दी गई है कि शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा में अवंतीपोरा के चरसू में प्रियंका गांधी शामिल हो सकती है। कांग्रेस के तय रूट के अनुसार, यात्रा पुलवामा के अवंतिपोरा से शुरू होकर दोपहर तक बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल पंपोर पहुंचेगी। यहां कुछ देर के विश्राम के बाद यात्रा फिर ट्रक यार्ड, पंथा चौक श्रीनगर पहुंचेगी जहां यात्रा रात्रि विश्राम करेगी।
#WATCH जम्मू-कश्मीर: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत अवंतीपोरा से की। PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी यात्रा में शामिल हुईं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 28, 2023
(सौजन्य: AICC) pic.twitter.com/Zf6lNVGv2B
कल सुरक्षा में चूक के कारण बीच में ही रोकी गई थी यात्रा
शुक्रवार को बनिहाल से शुरू हुई 'भारत जोड़ो यात्रा' में सुरक्षा में चूक की खबर सामने आई थी। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के तमाम नेताओं ने सुरक्षा में चूक का मुद्दा उठाया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उन्हें यात्रा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई जिसके कारण उन्हें बीच में ही यात्रा को रोकना पड़ा।
जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड में प्रवेश के बाद ही राहुल गांधी के सुरक्षा घेरे में कई लोग घुस गए, जिसके बाद पुलिस उन्हें और उमर अब्दुल्ला को कार में बैठा कर अनंतनाग ले गई। वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी ने अपनी सुरक्षा में चूक की बता कही।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा जब टनल में दाखिल हुई और उसके बाद टनल से बाहर निकली तो उन्हें वहां पुलिसकर्मी नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। उस वक्त मेरे सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि हम और आगे नहीं जा सकते इसलिए मुझे अपनी यात्रा रोकनी पड़ी।
हालांकि, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इस आरोप पर पुलिस अधिकारियों की तरफ से बयान जारी कर आरोपों से इनकार किया गया। जम्मू-कश्मीर के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आरके गोयल ने कहा कि सरकार सुरक्षा के प्रति गंभीर है। भारत जोड़ो यात्रा के लिए सबसे अच्छी और पूरी सुरक्षा दी गई है। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में खत्म की जाएगी। इस दौरान कांग्रेस की ओर से समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी।