आजम खान के समर्थन में उतरीं मायावती, भाजपा को लिया निशाने पर, कहा- सपा विधायक को जेल में बंद रखना न्याय का गला घोंटने जैसा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 12, 2022 12:07 PM2022-05-12T12:07:44+5:302022-05-12T12:08:12+5:30
मायावती ने आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों में दुर्भावना एवं द्वेषपूर्ण रवैया अपनाकर प्रवासियों एवं मेहनतकश लोगों को अतिक्रमण के नाम पर डराया जा रहा है।
लखनऊः बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान को करीब दो वर्षों से जेल में बंद रखे जाने को न्याय का गला घोंटने जैसा बताया है। मायावती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए गुरुवा को ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश और भाजपा शासित अन्य राज्यों में ‘‘गरीबों, दलितों, आदिवासियों एवं मुस्लिमों को जुल्म-ज्यादती एवं भय आदि का शिकार बनाकर जिस प्रकार परेशान किया जा रहा है, वह अति-दुःखद है।’’
1. यूपी व अन्य बीजेपी शासित राज्यों में भी, कांग्रेस की ही तरह, जिस प्रकार से टारगेट करके गरीबों, दलितों, अदिवासियों एवं मुस्लिमों को जुल्म-ज्यादती व भय आदि का शिकार बनाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है यह अति-दुःखद, जबकि दूसरों के मामलों में इनकी कृपादृष्टि जारी है। 1/3
— Mayawati (@Mayawati) May 12, 2022
मायावती ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार अपने विरोधियों पर लगातार द्वेषपूर्ण कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘वरिष्ठ विधायक मोहम्मद आजम खान को करीब सवा दो वर्षों से जेल में बंद रखने का मामला काफी चर्चा में है। यह मामला न्याय का गला घोंटना नहीं, तो और क्या है?’’
बसपा प्रमुख ने एक अन्य ट्वीट में आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों में दुर्भावना एवं द्वेषपूर्ण रवैया अपनाकर प्रवासियों एवं मेहनतकश लोगों को अतिक्रमण के नाम पर डराया जा रहा है और उनकी रोजी-रोटी छीनी जा रही है, जो अत्यंत चिंताजनक है। सपा नेता आजम खान विभिन्न मामलों में पिछले करीब दो साल से सीतापुर जेल में बंद है।