महाराष्ट्र में 12 जिला परिषद और 125 पंचायत समिति के लिए 7 फरवरी को मतदान, अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन के कारण प्रचार नहीं करेंगे सीएम देवेंद्र फडणवीस
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: February 1, 2026 14:54 IST2026-02-01T14:53:56+5:302026-02-01T14:54:38+5:30
12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए सात फरवरी को मतदान होगा और प्रचार पांच फरवरी को समाप्त हो जाएगा।

file photo
मुंबईः महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन के मद्देनजर आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए प्रचार न करने का फैसला किया है। फडणवीस ने शनिवार को अपने इस फैसले की जानकारी देते हुए स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों को सात फरवरी को होने वाले चुनावों के लिए प्रचार करने का निर्देश दिया जबकि वह स्वयं किसी भी चुनाव संबंधी कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे। राज्य की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए सात फरवरी को मतदान होगा और प्रचार पांच फरवरी को समाप्त हो जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री को पहले सात दिनों में 22 चुनावी सभाओं को संबोधित करना था लेकिन पवार के निधन के कारण उन्होंने इन्हें रद्द करने का निर्णय लिया है। पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में पवार के निधन के बाद घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम में संशोधन किया है। हादसे में चार अन्य लोगों की मौत हो गयी थी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पांच फरवरी को होने वाला मतदान अब सात फरवरी को होगा जबकि मतगणना नौ फरवरी को होगी।