महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव: बीजेपी के 43, शिवसेना के 18, एनसीपी के 2 प्रत्याशी बिना चुनाव लड़े ही विजेता घोषित, देखिए लिस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 16, 2026 17:22 IST2026-01-16T17:13:11+5:302026-01-16T17:22:57+5:30
Maharashtra Municipal Elections: ठाणे जिले के कल्याण-डोम्बिवली से सबसे अधिक 20 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गए, जिनमें भाजपा के 16 और शिवसेना के छह उम्मीदवार शामिल हैं।

file photo
मुंबईः महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने शुक्रवार को बताया कि 15 जनवरी को हुए चुनावों से पहले 10 नगर निकायों के कुल 65 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। बृहस्पतिवार को 29 नगर निकायों के लिए मतदान हुआ था, जिनकी मतगणना जारी है। निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों की सूची में भाजपा 43 सीटों के साथ शीर्ष पर है।
उसके बाद, उसकी सहयोगी एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना (18 उम्मीदवार), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (2) का स्थान है। ठाणे जिले के कल्याण-डोम्बिवली से सबसे अधिक 20 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गए, जिनमें भाजपा के 16 और शिवसेना के छह उम्मीदवार शामिल हैं।
पिंपरी चिंचवाड़ और पुणे में भाजपा के दो-दो उम्मीदवार बिना चुनाव लड़े ही विजेता घोषित किये गए और ठाणे जिले के भिवंडी निज़ामपुर में छह उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। पनवेल में सात उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जिनमें भाजपा के छह और एक निर्दलीय उम्मीदवार शामिल है।
जलगांव में 12 उम्मीदवार बिना चुनाव लड़े ही निर्वाचित हुए, जिनमें शिवसेना और भाजपा के छह-छह उम्मीदवार शामिल हैं। धुले में निर्विरोध चुने गए चारों उम्मीदवार भाजपा से हैं। वहीं, ठाणे में सभी छह पार्षद शिवसेना के हैं। अहिल्यानगर में भाजपा के तीन और राकांपा के दो उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए।